विज्ञापन

धनतेरस के दिन टेक महिंद्रा के एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या; फरीदाबाद में डॉग और पार्किंग विवाद पर बवाल

सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की धनतेरस की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि पार्किंग और डॉग को लेकर चल रहे विवाद के बाद पड़ोसी ने 15 राउंड फायरिंग कर दी.

धनतेरस के दिन टेक महिंद्रा के एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या; फरीदाबाद में डॉग और पार्किंग विवाद पर बवाल
टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या
NDTV
  • टेक महिंद्रा के एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या, पार्किंग विवाद में पड़ोसी पर आरोप
  • भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे, डॉग और पार्किंग विवाद बना मौत की वजह
  • धनतेरस की रात खूनी विवाद, पार्किंग में 15 राउंड फायरिंग से दहल गया फरीदाबाद
फरीदाबाद:

हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात एक पार्किंग विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21सी स्थित एक बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में पड़ोसी मोनू शर्मा से कहासुनी के बाद उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग करने के बाद परिवार सहित फरार हो गया.

पार्किंग और डॉग को लेकर चल रहा था विवाद

NDTV को पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-21सी की बिल्डिंग नंबर-641 में परमजीत धनखड़ का परिवार पहली मंजिल पर रहता था, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है. सूरजकुंड थाना पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था. जांच में सामने आया है कि मोनू शर्मा का बेटा अक्सर पार्किंग क्षेत्र में अपने पालतू कुत्ते को पॉटी कराता था. परमजीत के बेटे सूर्य ने कई बार इसका विरोध किया था. इसी बात को लेकर चार-पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, हालांकि हर बार मामला शांत हो गया था.

परमजीत धनखड़

परमजीत धनखड़
Photo Credit: NDTV

सिंगापुर से शादी में शामिल होने आए थे परमजीत

पुलिस के अनुसार, परमजीत धनखड़ काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे और अक्सर वहां आते-जाते रहते थे. परिवार फरीदाबाद में ही रह रहा था. वह 5 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए सिंगापुर से लौटे थे. परिवार के अनुसार, शादी 24 नवंबर को होनी है. घर लौटने के बाद उन्होंने जिम भी जॉइन कर लिया था और नियमित रूप से वहां जा रहे थे.

जिम से लौटे तो फिर शुरू हो गया विवाद

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से वापस लौटे थे. जब वह पार्किंग में पहुंचे तो उनकी निर्धारित पार्किंग जगह पर मोनू शर्मा की गाड़ी खड़ी थी. परमजीत ने मोनू से गाड़ी हटाने को कहा. इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई.

लाइसेंसी पिस्टल से की ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस के अनुसार, मोनू शर्मा अपनी लाइसेंसी पिस्टल के साथ पार्किंग क्षेत्र में आया था. विवाद बढ़ने पर उसने कथित रूप से परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. प्रारंभिक जांच में करीब 15 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. परमजीत को नौ गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल से कारतूसों के कई खोल बरामद किए गए हैं.

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटीं

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया है. सूरजकुंड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुराने विवादों और फायरिंग की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.

यह भी पढ़ें : पत्नी के सामने गोलियों से भून डाला, अस्पताल के बाहर दिनदहाड़े हत्या, कर्नाटक के विजयपुरा का मामला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faridabad Murder Case, Tech Mahindra, Haryana, Parking Dispute, Firing Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com