- टीवीके विधायक के. सिंधु ने विधानसभा सत्र के दौरान गाया गाना
- सरकारी गाड़ी देने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री विजय को दिया धन्यवाद
- सीएम ने घोषणा की है कि विधायकों को उनके चुनावी कामकाज में मदद के लिए सरकारी गाड़ी मिलेगी
चेन्नई: तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की विधायक के. सिंधु ने तमिलनाडु विधानसभा सत्र के दौरान बुधवार को को एक गाना गाया और विधायकों को सरकारी गाड़ी देने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री विजय का धन्यवाद किया. दरअसल, मुख्यमंत्री विजय ने आम जनता के बाद विधायकों को बड़ा तोहफा दिया है. उन्होंने सभी विधायकों को कार, ईंधन के लिए 75 हजार रुपये भत्ता और एक सचिव रखने की छूट दी है. विजय ने 234 विधायकों के लिए कार और फ्यूल और मेंटेनेंस के खर्च के लिए अलाउंस का ऐलान किया.
सीएम विजय ने कहा कि विधायकों को लोगों से मिलने, विकास कार्यों का निरीक्षण करने और सरकारी अधिकारियों के साथ तालमेल बिठाने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अक्सर यात्रा करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि उन्हें सरकारी गाड़ियां देने से वे इन जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभा सकेंगे, साथ ही पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन को भी बढ़ावा मिलेगा.
सरकार ने कहा- कुछ सदस्य आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं...
सरकार ने बताया कि मौजूदा विधानसभा के कई सदस्य पहली बार चुने गए हैं और कुछ आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं. सीएम विजय ने कहा कि ऐसे विधायकों के पास शायद वे वित्तीय संसाधन या लॉजिस्टिकल सहायता न हो जो बड़े पैमाने पर यात्रा करने और जन-प्रतिनिधि के तौर पर अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए जरूरी हैं. यह घोषणा वीसीके विधायक जोतिमणि के अनुरोध के बाद की गई. उन्होंने सदन को बताया था कि पर्याप्त लॉजिस्टिकल सहायता के बिना विधायक कुशलतापूर्वक काम नहीं कर सकते. साथ ही उन्होंने सरकार से उन्हें गाड़ियां उपलब्ध कराने का आग्रह किया था.
#WATCH | Chennai | TVK MLA K Sindhu sings a song during the Tamil Nadu Assembly Session, thanking CM Vijay for his announcement of providing a government vehicle to MLAs
— ANI (@ANI) August 19, 2026
(Source: Tamil Nadu Assembly/YouTube) https://t.co/OZD4ovF5yW pic.twitter.com/wAufBwY3tV
सरकारी गाड़ी के अलावा 75,000 रुपए का मासिक भत्ता भी मिलेगा
सरकारी गाड़ी के अलावा, हर विधायक को ड्राइवर, ईंधन और गाड़ी के रखरखाव से जुड़े खर्चों को पूरा करने के लिए 75,000 रुपए का मासिक भत्ता भी मिलेगा. सरकार हर विधायक को 25 हजार रुपए प्रति माह का अनुदान भी देगी, ताकि वे निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े पत्राचार और अन्य आधिकारिक कार्यों में मदद के लिए एक सचिव नियुक्त कर सकें. हालांकि, सरकार ने यह नहीं बताया कि सभी विधायकों को गाड़ियां और भत्ते देने के लिए कुल कितना वित्तीय खर्च आएगा या ये नए लाभ कब से लागू होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं