विज्ञापन

सपा की पहली लिस्ट से सुलगी 'सीट शेयरिंग' की रार, इमरान मसूद की तल्खी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे दोनों दल

समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिससे कांग्रेस में नाराजगी और सीट साझा करने को लेकर विवाद बढ़ा है. इमरान मसूद ने गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर असंतोष जताया, जबकि सपा और कांग्रेस के नेता इसे सामान्य बातचीत करार दे रहे हैं.

सपा की पहली लिस्ट से सुलगी 'सीट शेयरिंग' की रार, इमरान मसूद की तल्खी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटे दोनों दल
सहारनपुर की सीटों पर सपा की दावेदारी से कांग्रेस में बेचैनी, दोनों दलों ने शुरू किया डैमेज कंट्रोल
  • SP ने यूपी चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें कांग्रेस की मांग वाली सीटें भी शामिल हैं
  • कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी जताई और गठबंधन की गंभीरता पर सवाल उठाए
  • सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के साथ बातचीत जारी रहेगी और सीटों को लेकर सहमति बनेगी
नई दिल्‍ली:

'उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है...', समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच अपने उम्‍मीदवारों की पहली लिस्‍ट जारी की तो नाराज कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का अंदाज-ए-बयां कुछ ऐसा था. इमरान मसूद ने यहां तक कह दिया कि हम कोई भिखारी नहीं हैं. कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवार उतारेगी. इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है. इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है. इमरान मसूद के इस तल्‍ख बयान के बाद लगा कि गठबंधन अब संभव नहीं, लेकिन अब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों की ओर से डैमेज कंट्रोल शुरू हो गया है. दोनों पार्टियों के नेता गठबंधन में किसी भी तरह के विवाद से इनकार कर रहे हैं, लेकिन बयानों से साफ है कि सीटों को लेकर अंदरखाने सहमति बनना आसान नहीं है.

सपा प्रवक्‍ता बोले- '2024 में भी इसी तरह हुई थी बातचीत'

इमरान मसूद की नाराजगी पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह ने कहा कि पार्टी वही रणनीति अपना रही है, जो 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान अपनाई गई थी. उस समय भी सीटों को लेकर बातचीत जारी थी और सपा अपनी उम्मीदवारों की सूची जारी कर रही थी. उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर सपा के विधायक भारी अंतर से जीते हैं, वहां उम्मीदवारों को समय रहते चुनाव की तैयारी का मौका मिलना चाहिए. उदयवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के साथ बातचीत जारी रहेगी और दोनों दलों के नेता मिलकर सीटों की अंतिम संख्या तय करेंगे. हालांकि, इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को नसीहत देते हुए कहा, "अगर मसूद इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व को उन्हें रोकना चाहिए." उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा को इमरान मसूद की राजनीतिक ताकत का पता है, जिन सीटों पर सपा पहले से जीतती रही है, उन पर बेवजह हंगामा नहीं होना चाहिए. 

'पक्षों को लचीला रुख अपनाना होगा', SP सांसद रामजी लाल सुमन

समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने भी गठबंधन को लेकर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि सपा की पांच सीटों पर जीत रही है, फिर इन सीटों को लेकर इतनी हाय-तौबा क्यों मचाई जा रही है? कांग्रेस और सपा का गठबंधन होकर रहेगा. उन्होंने कहा कि दोनों दल चाहते हैं कि गठबंधन मजबूत हो, लेकिन इसके लिए सभी पक्षों को लचीला रुख अपनाना होगा. रामजी लाल सुमन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता चाहती है कि बीजेपी को हराया जाए. ऐसे में विपक्षी दलों को आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ आना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी को खुद बैठकर बातचीत करनी चाहिए, तभी गठबंधन को मजबूती मिलेगी.

कांग्रेस बोली- गठबंधन में कोई विवाद नहीं

विवाद बढ़ता देख कांग्रेस ने भी सफाई दी है. कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच कोई विवाद नहीं है. इमरान मसूद क्या कह रहे हैं, यह उनका व्यक्तिगत विषय है. दोनों दलों के बीच बातचीत की शुरुआत हुई है और आगे मिलकर किसी सहमति पर पहुंचा जाएगा. अभी बातचीत खत्‍म नहीं हुई है. दोनों पक्षों की ओर से कोशिश लगातार जारी है.

सहारनपुर, बेहट सीटों पर SP उम्मीदवारों से भड़के मसूद!

समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची में ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस शुरुआत से अपनी दावेदारी जता रही है. खासतौर पर सहारनपुर और बेहट सीटों पर सपा के उम्मीदवार घोषित किए जाने से कांग्रेस खेमे में नाराजगी बढ़ने की आशंका है. सहारनपुर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद का राजनीतिक प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है. ऐसे में सपा के फैसले ने गठबंधन के भीतर नई बहस छेड़ दी है.
सपा की ओर से जारी सूची में बेहट से उमर अली, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है. पांच में से चार उम्मीदवार मुस्लिम हैं। इनमें दो ऐसी सीटें भी बताई जा रही हैं, जिन्हें कांग्रेस शुरुआती बातचीत में मांग रही थी.

ये भी पढ़ें:-समाजवादी पार्टी की लिस्ट पर इमरान मसूद के तल्ख तेवर.. 'उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी'

राजभर ने कहा- माहौल बनाने की कवायद

इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अभी 26 सीटों से बातचीत शुरू की है. अगली बैठक में यह संख्या 22 हो जाएगी, फिर 24 और उसके बाद 18 पर पहुंच जाएगी. राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि यही समाजवादी पार्टी का कल्चर है. उन्होंने कहा कि जब तक सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच सीधी बातचीत नहीं होगी, तब तक सीट बंटवारे पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो सकता. राजभर के मुताबिक, दोनों दलों की बैठकें सिर्फ राजनीतिक माहौल बनाने और मीडिया में चर्चा बनाए रखने के लिए हो रही हैं.

फिलहाल, सपा और कांग्रेस दोनों ही गठबंधन को मजबूत बनाए रखने की बात कह रहे हैं. लेकिन सपा की पहली लिस्‍ट, कांग्रेस की सीटों पर दावेदारी और इमरान मसूद की नाराजगी ने साफ कर दिया है कि यूपी चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के लिए सीटों का बंटवारा बड़ी चुनौती बनने जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- UP चुनावः सपा की पहली लिस्ट से गठबंधन में फूट? क्या 2024 वाली कहानी दोहराने में जुटे अखिलेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Imran Masood, SP Congress Alliance, Imran Masood Attacks On Akhilesh Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com