5 चुनाव, 5 दल... यूपी में पिछले 20 साल में कौन पास और कौन फेल? BSP-कांग्रेस का स्ट्राइक रेट चिंताजनक

उत्तर प्रदेश के पिछले पांच विधानसभा चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि स्ट्राइक रेट में बीजेपी सबसे आगे है. एसपी और आरएलडी ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया लेकिन बीएसपी और कांग्रेस मायूसी के आलम में पहुंच गईं.

5 चुनाव, 5 दल... यूपी में पिछले 20 साल में कौन पास और कौन फेल? BSP-कांग्रेस का स्ट्राइक रेट चिंताजनक
पिछले बीस साल में बीएसपी और कांग्रेस का वोट शेयर लगातार घटा है.

'भारत ही यूपी है और यूपी ही भारत है.' हिंदुस्तान में समाजवादी राजनीति के प्रखर और जुझारू राजनेता राममनोहर लोहिया ने जब यह बात कही थी, तो कई राजनीतिक जानकारों को यह कथन बड़ा अजीब लगा था. लेकिन वक्त ने यह बता दिया कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर गुजरता है. यह बात अभी इसलिए अहम है कि हम उत्तर प्रदेश की सियासत और पिछले पांच विधानसभा चुनावों पर बात कर रहे हैं. यूपी को हिंदुस्तान का सियासी केंद्र कहा जाता है. 80 लोकसभा और 403 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य के चुनावी नतीजे देश की राजनीतिक दिशा तय करते हैं. ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह देखना अहम हो जाता है कि कौन सी पार्टी कितनी मजबूती के साथ मैदान में उतरने वाली है. और यह पता लगाने के लिए सियासी दलों के पिछले रिकॉर्ड्स पर नजर डालना जरूरी हो जाता है.

आगामी चुनाव के मद्देनजर गौर करने वाला पहलू यह है कि पिछले पांच विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की पांच बड़ी पार्टियों ने चुनावों में किस स्ट्राइक रेट पर वोट हासिल किया है.

यूपी के बड़े सियासी दलों का स्ट्राइक रेट

उत्तर प्रदेश में 2002 से 2022 तक के पिछले पांच विधानसभा चुनावों के आंकड़े पूरी कहानी बयान करते हैं. हम समझने की कोशिश करेंगे कि राज्य की पांच बड़ी पार्टियों- बीजेपी, समाजवादी पार्टी, आरएलडी, कांग्रेस और बसपा को पांच चुनावों में किस स्ट्राइक से वोट मिला.

Advertisement - Scroll to continue

बीजेपी: तीसरे छोर से ताकतवर फ्रंट तक...

साल 2002 में बीजेपी का स्ट्राइक रेट 27.5% था. वह एक अहम खिलाड़ी तो थी, लेकिन प्रभावी नहीं थी. 2007 तक यह गिरकर 14.6% रह गया. वहीं, 2012 तक यह और गिरकर महज 11.8% पर आ गया. बीजेपी का यह सबसे निचला स्तर था. पार्टी बड़ी संख्या में सीटों पर चुनाव लड़ती थी, लेकिन उनमें से बहुत कम पर ही जीत हासिल कर पाती थी. 

फिर एक बड़ा बदलाव आया. साल 2017 में बीजेपी का स्ट्राइक रेट उछलकर 81.3% हो गया. यह उस वक्त एक चौंकाने वाला आंकड़ा था. पार्टी ने जितनी सीटों पर चुनाव लड़ा, उनमें से हर पांच में से चार से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की. ​​पिछले दो दशकों में राज्य की किसी भी प्रमुख पार्टी द्वारा दर्ज किया गया यह सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट था.

Advertisement - Scroll to continue

साल 2022 में सत्ता-विरोधी लहर और समाजवादी पार्टी की तरफ से मिली कड़ी चुनौती के बावजूद, बीजेपी का स्ट्राइक रेट 67.8% के स्तर पर बना रहा. पार्टी ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा और उनमें से 255 पर जीत दर्ज की.

Latest and Breaking News on NDTV

समाजवादी पार्टी: उतार-चढ़ाव वाली पार्टी...

समाजवादी पार्टी का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. साल 2002 में एसपी का स्ट्राइक रेट 36.7% था. 2007 में यह गिरकर 24.7% पर आ गया, जब मायावती की बीएसपी ने सूबे में शानदार जीत दर्ज की थी. इसके बाद ​​2012 में एसपी का स्ट्राइक रेट तेजी से बढ़कर 55.9% हो गया. इसी चुनाव में अखिलेश यादव पूर्ण बहुमत के साथ मुख्यमंत्री बने थे.

इसके बाद समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा. साल 2017 में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के बावजूद, एसपी का स्ट्राइक रेट गिरकर महज 15.1% रह गया. आंकड़ों के मुताबिक, यह पार्टी का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन था.

इसके बाद, 2022 में पार्टी पटरी पर आती नजर आई और इसका स्ट्राइक रेट 32.0% हुआ. इस बार एसपी ने 111 सीटें जीतीं, जो 2012 के बाद से इसका सबसे अच्छा प्रदर्शन था, लेकिन फिर भी इसका स्ट्राइक रेट बीजेपी के आधे से भी कम था. सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़ा और हर तीन में से एक से भी कम सीटें जीत पाई.

बीएसपी: 51.1% से 0.2% तक का अजीब सफर...

उत्तर प्रदेश में जहां एक तरफ बीजेपी कामयाबी का सफर तय किया, वहीं बीएसपी काफी पीछे छूटती हुई नजर आई. साल 2002 में BSP का स्ट्राइक रेट 24.4% था. 2007 में यह 51.1% हो गया, जो उस साल राज्य में सबसे अच्छा प्रदर्शन था. मायावती ने अपने दम पर सरकार बनाई. इसके बाद बीएसपी कभी आगे नहीं बढ़ सकी, बल्कि लगातार नुकसान झेलती रही.

साल 2012 में बीएसपी का स्ट्राइक रेट गिरकर 19.9% ​​रह गया. वहीं, 2017 में 4.7% हो गया. और 2022 के विधानसभा चुनाव में यह लुढ़क कर करीब जीरो (0.2%) पर आ गया. 2022 में बीएसपी ने 403 सीटों पर चुनाव लड़ा और सिर्फ एक ही सीट पर जीत मिली. 

Latest and Breaking News on NDTV

कांग्रेस: लगातार हाथ लगती मायूसी...

कांग्रेस की कहानी अन्य सियासी दलों से काफी अलग है. पिछले पांच विधानसभा चुनावों में बीजेपी, एसपी और बीएसपी के उलट कांग्रेस का स्ट्राइक रेट कभी भी बहुत ऊंचा नहीं रहा. साल 2002 में 6.2%, साल 2007 में 5.6% स्ट्राइक रेट था. साल 2012 के विधानसभा चुनाव में यह थोड़ा बढ़कर 7.9% हो गया, जो पिछले पांच चुनावों में कांग्रेस का सबसे अच्छा प्रदर्शन था. साल 2017 में लुढ़कर यह 6.1% पर आ गया.

इसके बाद, साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का स्ट्राइक रेट गिरकर 0.5% पर आ गया. कांग्रेस ने 399 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा और सिर्फ दो सीटें जीतीं- रायबरेली की रामपुर खास और महाराजगंज.

पिछले बीस साल में कांग्रेस ने यूपी में बड़ी तादाद में सीटों पर चुनाव लड़ा है, लेकिन उनमें से बहुत कम सीटें ही जीत में तब्दील हो सकी. 

आरएलडी: छोटी पार्टी लेकिन बड़े उतार-चढ़ाव...

राष्ट्रीय लोक दल दबदबा मुख्य रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में है. इस खित्ते में  सबसे बड़े उतार-चढ़ाव आरएलडी में ही नजर आता है. गौर करने वाली बात यह भी है कि आरएलडी गिनी-चुनी सीटों पर ही चुनाव लड़ती है.

साल 2002 में इसका स्ट्राइक रेट 36.8% था, जो 2007 में गिरकर 3.9% पर आ गया. 2012 के विधानसभा चुनाव थोड़ा सुधार देखने को मिला और आरएलडी का स्ट्राइक रेट 19.6% तक पहुंचा. 2017 में फिर घटा और सिर्फ 0.4% रहा. वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में आरएलडी ने एसपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा और इसका स्ट्राइक रेट बढ़कर 24.2% हो गया.

यह भी पढ़ें | 'कांग्रेस को तैयारी और तेवर दोनों दिखाना चाहते हैं'.. SP की पहली लिस्ट जारी होने की इनसाइड स्टोरी

यह भी पढ़ें | आरजेडी वाली गलती यूपी में नहीं दोहराना चाहते हैं अखिलेश, कांग्रेस को क्या संदेश