विज्ञापन

दलबदल करने वाले MP-MLA को मंत्री बनने से रोकने की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस

सुप्रीम कोर्ट ने दलबदल कानून से बचने के लिए इस्तीफा देने वाले सांसदों और विधायकों पर लगाम लगाने की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है.

दलबदल करने वाले MP-MLA को मंत्री बनने से रोकने की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस
सुप्रीम कोर्ट में दलबदल कानून को मजबूत करने की मांग
NDTV
  • SC ने दलबदल कानून के तहत इस्तीफा देने वाले MPP-MLA पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार से जवाब मांगा है
  • याचिका में कहा गया है कि इस्तीफा देकर सांसद और विधायक अयोग्यता की कार्रवाई से बच निकलते हैं
  • अयोग्यता की कार्यवाही लंबित रहने पर ऐसे नेताओं को मंत्री या किसी लाभ वाले पद पर नियुक्त न करने की मांग

सुप्रीम कोर्ट ने दलबदल कानून के तहत अयोग्यता से बचने के लिए इस्तीफा देने वाले सांसदों और विधायकों पर लगाम लगाने की मांग वाली जनहित याचिका पर सोमवार को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है.  चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने याचिका पर सुनवाई करते हुए चुनाव आयोग, विधि आयोग, कानून एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को नोटिस जारी किया. यह याचिका ए. सेथु ने दाखिल की है.

याचिका में कहा गया है कि दलबदल के आरोपों का सामना कर रहे सांसद और विधायक रणनीतिक तरीके से इस्तीफा देकर संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्रवाई से बच निकलते हैं. इसके साथ ही अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला लेने में होने वाली देरी इस समस्या को और गंभीर बना देती है. 

याचिकाकर्ता के मुताबिक, इस्तीफे की प्रक्रिया का इस्तेमाल दलबदल के परिणामों को टालने और अंततः उनसे बचने के लिए किया जा सकता है. वहीं, अयोग्यता याचिकाओं पर फैसला लेने की कोई प्रभावी समय-सीमा नहीं होने से मतदाताओं के जनादेश की विश्वसनीयता प्रभावित होती है. याचिका में कहा गया है कि जब तक अयोग्यता याचिका पर फैसला आता है या अदालत का दरवाजा खटखटाया जाता है, तब तक विधानसभा या संसद का कार्यकाल समाप्त हो सकता है, उपचुनाव हो चुका हो सकता है और सरकार गिर या बच चुकी हो सकती है.

अयोग्यता की कार्यवाही लंबित रहने पर मंत्री पद देने पर रोक की मांग

याचिका में मांग की गई है कि जिन सांसदों या विधायकों के खिलाफ दलबदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है, उन्हें इस्तीफा देने के बाद भी मंत्री या किसी लाभ वाले राजनीतिक पद पर नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए. याचिकाकर्ता ने कहा है कि जब तक अयोग्यता का सवाल उनके पक्ष में अंतिम रूप से तय नहीं हो जाता या वे दोबारा चुनाव जीतकर नहीं आते, तब तक उन्हें मंत्री पद या किसी अन्य लाभ वाले राजनीतिक पद पर नियुक्त करने की अनुमति नहीं होनी चाहिए.

इस्तीफे से दलबदल की कार्यवाही खत्म नहीं होनी चाहिए

याचिका में सुप्रीम कोर्ट से यह घोषित करने की मांग की गई है कि अगर किसी सांसद या विधायक के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है या ऐसी कार्यवाही शुरू होने की उचित आशंका है, तो उसके इस्तीफे मात्र से अयोग्यता की कार्यवाही समाप्त नहीं होनी चाहिए और न ही वह निष्प्रभावी होनी चाहिए. 

याचिका में यह भी कहा गया है कि विधानसभा अध्यक्ष या सदन के सभापति को इस्तीफे की स्वैच्छिकता और वास्तविकता के साथ-साथ अयोग्यता याचिका पर भी वस्तुनिष्ठ तथ्यों के आधार पर कारणयुक्त आदेश पारित करना चाहिए.

अयोग्यता याचिकाओं पर तीन महीने में फैसला लेने की मांग

याचिकाकर्ता ने संबंधित अधिकारियों से ऐसी वैधानिक समय-सीमा बनाने या उसकी सिफारिश करने की मांग की है, जिसके तहत अयोग्यता याचिकाओं पर सामान्यतः तीन महीने से अधिक समय में फैसला न हो.

इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व वाली अयोग्यता संबंधी निर्णय प्रक्रिया की समयबद्ध समीक्षा करने और इन विवादों के निपटारे के लिए एक स्वतंत्र एवं स्थायी ट्रिब्यूनल गठित करने की संभावना पर भी विचार करने की मांग की गई है.

इस्तीफे और अयोग्यता की कार्यवाही से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक हों

याचिका में संसद और सभी राज्य विधानसभाओं से यह सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग की गई है कि इस्तीफे के पत्र, अयोग्यता की कार्यवाही से संबंधित नोटिस और जवाब, सुनवाई की तारीखें, अंतरिम आदेश और अंतिम फैसले समयबद्ध तरीके से सार्वजनिक किए जाएं.  हालांकि, कानून के तहत जरूरी मामलों में सीमित जानकारी हटाने की छूट दी जा सकती है.

त्रिशंकु विधानसभा में बहुमत का फैसला सदन के पटल पर हो

याचिका में एक अन्य महत्वपूर्ण मांग करते हुए कहा गया है कि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार बनाने के लिए बहुमत का दावा सदन के निर्वाचित सदस्यों के शपथ या प्रतिज्ञान लेने के बाद सदन के पटल पर साबित किया जाना चाहिए. याचिका के मुताबिक, राज्यपाल के सामने पेश किए गए समर्थन पत्र, विधायकों के प्रतिनिधिमंडल या विधायकों की परेड को फ्लोर टेस्ट का विकल्प नहीं बनाया जा सकता और न ही इनके आधार पर फ्लोर टेस्ट को पहले से प्रभावित किया जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें | लाल किला ब्लास्ट के आरोपी जसिर बिलाल वानी की जमानत याचिका खारिज; SC में चल नहीं पाई दलीलें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Supreme Court, Supreme Court Judges, Supreme Court News, Supreme Court (SC)
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com