उत्तर प्रदेश की नगर निकाय मतदाता सूचियों में मकान नंबरों की कथित गड़बड़ियों को लेकर दाखिल जनहित याचिका (PIL) को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है. अदालत ने साफ कहा कि वोटर लिस्ट में नाम, पता या मकान नंबर जैसी एंट्री को ठीक कराने का अधिकार संबंधित मतदाता का व्यक्तिगत अधिकार है और ऐसे मामलों को सामान्य तौर पर जनहित याचिका के जरिए सामूहिक रूप से नहीं उठाया जा सकता.
मतदाता सूची सुधार को लेकर अदालत की सख्त टिप्पणी
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की त्रुटि को दुरुस्त कराने का अधिकार सीधे उस व्यक्ति से जुड़ा हुआ है, जिसका नाम या विवरण सूची में दर्ज है. इसलिए इस तरह के मामलों को PIL के रूप में पेश करना उचित नहीं माना जा सकता.
अदालत ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह इस मुद्दे को जनहित याचिका के रूप में उठा रहे हैं, जबकि मतदाता सूची में संशोधन या सुधार की मांग व्यक्तिगत अधिकार के दायरे में आती है. ऐसे मामलों के लिए चुनावी प्रक्रिया और निर्धारित नियम पहले से मौजूद हैं.
नगर निकाय वोटर लिस्ट के अपने नियम, अधिकारियों के पास जाएं मतदाता
सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने यह भी कहा कि नगर निकाय चुनावों की मतदाता सूचियों के लिए अलग नियम और प्रावधान होते हैं. अगर किसी मतदाता के नाम, पते या मकान नंबर में कोई गलती है तो वह संबंधित चुनाव अधिकारियों के समक्ष जाकर सुधार की मांग कर सकता है.
अदालत ने स्पष्ट किया कि हर शिकायत को सीधे जनहित याचिका का रूप नहीं दिया जा सकता. जिन लोगों को समस्या है, उन्हें पहले निर्धारित प्रशासनिक और चुनावी प्रक्रिया का सहारा लेना चाहिए.
पूरे राज्य में व्यापक समस्या हो तो अलग बात
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि किसी मुद्दे को सामूहिक स्तर पर उठाने की गुंजाइश तब बन सकती है, जब वह समस्या पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर फैली हुई हो और उसका असर व्यापक जनसमूह पर पड़ रहा हो. लेकिन व्यक्तिगत स्तर की शिकायतों को लेकर संबंधित मतदाता स्वयं उचित मंच पर जा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा भी खटखटा सकते हैं.
याचिका में क्या कहा गया था?
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया था कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मकानों के नंबर बदल चुके हैं, लेकिन नगर निकायों की मतदाता सूचियों में अब भी पुराने मकान नंबर दर्ज हैं. इससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
याचिका में दावा किया गया कि इस संबंध में अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. साथ ही यह मांग भी की गई थी कि नगर निकायों की मतदाता सूचियों को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल होने वाली मतदाता सूचियों के अनुरूप बनाया जाए, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत न हो.
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी व्यक्तिगत शिकायतों के समाधान के लिए चुनावी कानूनों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपलब्ध उपायों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए. केवल मकान नंबर या व्यक्तिगत प्रविष्टियों में गड़बड़ी के आधार पर जनहित याचिका को स्वीकार नहीं किया जा सकता.
अदालत की इस टिप्पणी से साफ संकेत मिला है कि वोटर लिस्ट में सुधार से जुड़े मामलों में प्रभावित व्यक्ति को सीधे चुनाव अधिकारियों के पास जाना होगा और उपलब्ध कानूनी प्रक्रिया के तहत ही राहत मांगनी होगी.
यह भी पढ़ें: यूपी में बाबा बागेश्वर भी बनेंगे चुनावी फैक्टर? कुंडा, गोंडा से आगरा तक कथाएं; आखिर कितना असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं