विज्ञापन

यूपी में हो रहे फेक एनकाउंटर? SSP बरेली अनुराग आर्या का जवाब सुनने लायक है

NDTV के एक विशेष कॉन्क्लेव 'उत्तर प्रदेश 2.0: गांव की रफ्तार' में बरेली के SSP अनुराग आर्या शामिल हुए और बताया कि कैसे कानून-व्यवस्था का असर सिर्फ अपराध पर नहीं, बल्कि आम लोगों के भरोसे, महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीण जीवन की शांति पर भी पड़ता है. फेक एनकाउंटर से लेकर बरेली दंगों तक पर अपनी बात रखी.

यूपी में हो रहे फेक एनकाउंटर? SSP बरेली अनुराग आर्या का जवाब सुनने लायक है
'उत्तर प्रदेश 2.0: गांव की रफ्तार' के मंच पर SSP अनुराग आर्या (फोटो- NDTV)

"उत्तर प्रदेश में फेक एनकाउंटर जैसा कोई गैर-कानूनी तरीका नहीं है. एक बात साफ है कि अगर कोई पुलिस के ऊपर फायर करेगा तो पुलिस जवाबी कार्रवाई करेगी. पुलिस कानून में मौजूद शक्ति का उपयोग करेगी, हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठेगी."

NDTV के एक विशेष कॉन्क्लेव 'उत्तर प्रदेश 2.0: गांव की रफ्तार' के मंच से यह बात अनुराग आर्या ने कही, जो बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हैं. इस कार्यक्रम में योगी सरकार के सीनियर मंत्री, अधिकारी, जनप्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं. 23 नवंबर को हो रहे इस इवेंट में उत्तर प्रदेश के विकास, ग्रामीण मुद्दों से लेकर कानून-व्यवस्था पर बात हो रही है. इस कार्यक्रम में 'कानून-व्यवस्था टाइट, गांव राइट' सेशन में अनुराग आर्या से एंकर रणवीर सिंह ने बात की.

"अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस"

बातचीत के दौरान SSP अनुराग आर्या ने बताया कि सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ का साफ निर्देश है कि अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी है. उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे के सीनियर अधिकारियों की तरफ से भी यही निर्देश दिया गया है और यही बात यह सुनिश्चित करने में मदद करती है जमीन पर कानून का शासन हो.

SSP अनुराग आर्या से सवाल किया गया कि पुलिस कैसे सुनिश्चित कर रही है कि कानून का शासन हो. उन्होंने इस पर बताया कि 2 लाख से ज्यादा नए पुलिसकर्मी को शामिल किया गया है. पुलिस मैनपावर बढ़ने से पुलिस का काम ज्यादा असरदार हुआ है. उनके अनुसार दूसरा बदलाव पुलिसकर्मियों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दिया है ताकि वह इस माहौल में रहे जिससे वह अपने कामों को सही तरीके से अंजाम दे सकें. 

उनके अनुसार तीसरा पहलू पुलिस की ट्रेनिंग है. उन्होंने कहा कि सीएम योगी का निर्देश है कि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से अपराधियों के अंदर डर हो लेकिन दूसरी तरफ पुलिस मदद मांगने आए आम आदमी से संवेदना के साथ बात करे. उनके अनुसार पुलिस के एटिट्यूड में बदलाव आया है.

SSP अनुराग आर्या के अनुसार पुलिस के पास मौजूद लॉजिस्टिक में बदलाव आया है. ऐसी नई गाड़ियां हैं जिन पर 360 डिग्री कैमरे लगे हैं. जितने पुलिसकर्मी हैं उतने ही दंगे-रोधी उपकरण हैं. पुलिसकर्मियों के लिए हथियार नए हैं और सबको समय-समय पर ट्रेनिंग दी जाती है. उन्होंने कहा, "ट्रेनिंग पर ज्यादा फोकस है. आज की पुलिस टेक्नोलॉजी का ज्यादा इस्तेमाल कर रही है. नए-नए ऐप लाए जा रहे हैं, जैसे पिछले साल यक्ष ऐप लाया गया जो बीट कॉन्स्टेबल के लिए है. अब अगर कोई अपराधी रिहा होता है तो बीट कॉन्स्टेबल को नोटिफिकेशन आ जाता है. हिस्ट्री शीटर पर नजर रखी जाती है. हर जिले में साइबर थाना है, हर थाने पर एक अलग से साइबर सेल है."

क्या वाकई फेक एनकाउंटर जैसी स्थिति आती है?

जब यह सवाल SSP अनुराग आर्या से किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि कोई गैर-कानूनी तरीका नहीं अपनाया जाता. उन्होंने कहा, "कानून में हमें अधिकार है कि हम आत्मरक्षा में हमला करने वाले अपराधी पर गोली चला सकते हैं. पुलिस पहले चेतावनी देती है. अगर कोई पुलिस पर गोली चलाएगा, तो पुलिस जवाबी कार्रवाई करेगी. अगर उसमें किसी की मौत होती है, तो उसके बाद पूरी प्रक्रिया का पालन किया जाता है."

उन्होंने आगे कहा, "हम भरोसा दिलाते हैं कि कोई गैर-कानूनी तरीका नहीं अपनाया जाता. पुलिस का मनोबल बढ़ाने के लिए सीएम योगी हमेशा साथ खड़े रहे हैं. उनका कहना है कि आम और सही लोगों के लिए काम कीजिए और कानून को पूरी सख्ती से लागू कीजिए. आज बरेली में किसी व्यापारी से कोई रंगदारी नहीं मांगता. अगर किसी ने ऐसा किया, तो उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि अगली बार वह ऐसा करने की हिम्मत न करे."

मौलाना तौकीर रजा को जेल तक कैसे पहुंचाया?

बरेली में पिछले साल सितंबर में हुए दंगे को लेकर भी SSP अनुराग आर्या से सवाल किया गया. उन्होंने बताया कि सीएम योगी की तरफ से साफ निर्देश है कि पहला स्टेप संवाद करना ही हो. बरेली हिंसा मामले में मौलाना तौकीर रजा खान को मुख्य आरोपी बनाया गया है.

SSP अनुराग आर्या के अनुसार 26 सितंबर 2025 को हुए दंगे से 10 दिन पहले से ही सभी स्टेकहोल्डर्स से बातचीत किया जा रहा था लेकिन फिर भी सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा, "वैधानिक चेतावनी के बावजूद. जब उन्मादी भीड़ ने दोपहर में पुलिस को ओवरपावर करने की कोशिश की तो हमने कानून की ताकत को दिखाया. हल्का बलप्रयोग किया. हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक से आरोपी (मौलाना तौकीर रजा) की बेल खारिज हुई है."

यह भी पढ़ें | NDTV UP 2.0 में डॉ. अरुण सक्सेना का दावा, यूपी में अब उद्योग, सुरक्षा और विकास का नया दौर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bareilly Riots 2025, UP Police, UP Police Fake Encounter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com