लाल किला ब्लास्ट के आरोपी जसिर बिलाल वानी को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को लाल किला ब्लास्ट के आरोपी जसिर बिलाल वानी उर्फ दानिश की डिफॉल्ट बेल की मांग वाली याचिका खारिज कर दी.
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने दिल्ली हाईकोर्ट के 18 अगस्त के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया.
क्या थी वानी की दलील?
वानी ने दलील दी थी कि UAPA के तहत डिफॉल्ट बेल की अवधि 180 दिन नहीं, बल्कि 90 दिन होनी चाहिए.
उसके वकील ने कहा कि UAPA की धारा 43D में CrPC की धारा 167 का उल्लेख है, न कि नए कानून BNSS की धारा 187 का. इसलिए CrPC के स्थान पर BNSS लागू होने से UAPA के प्रावधानों की व्याख्या अपने आप नहीं बदली जा सकती.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट इस दलील से सहमत नहीं हुआ. पीठ ने सवाल किया कि क्या CrPC के निरस्त होने के साथ ही UAPA की धारा 43D का प्रभाव भी समाप्त हो जाएगा? इसके बाद कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी.
यह भी पढ़ें | कुलगाम में ढेर हुआ 15 लाख का इनामी आतंकी अब्दुल लतीफ भट कौन था? बढ़ई कैसे बन गया आतंकी
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार बम धमाके के मामले में NIA ने वानी को 17 नवंबर को गिरफ्तार किया था.
जांच एजेंसी ने शुरुआती 90 दिनों की अवधि समाप्त होने से पहले जांच के लिए अतिरिक्त समय मांगा था. ट्रायल कोर्ट ने पहले 45 दिन और बाद में जांच की अवधि बढ़ाकर 180 दिन कर दी थी.
दिल्ली हाईकोर्ट ने 18 अगस्त को अपने फैसले में कहा था कि UAPA की धारा 43D(2) में CrPC की धारा 167 के संदर्भ को अब BNSS की धारा 187 के संदर्भ के रूप में पढ़ा जाएगा. इसलिए UAPA के मामलों में जांच की अवधि 180 दिन तक बढ़ाई जा सकती है.
सुप्रीम कोर्ट ने अब इस व्याख्या को चुनौती देने वाली वानी की याचिका खारिज कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं