- सुप्रीम कोर्ट ने बलवंत सिंह राजोआना की दया याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा है और सुनवाई पूरी कर ली है
- राजोआना ने राष्ट्रपति की ओर से दया याचिका पर लंबे समय तक फैसला न होने को आधार बनाकर सजा में बदलाव मांगा है
- केंद्र सरकार ने दलील दी कि राजोआना ने स्वयं दया याचिका नहीं दी बल्कि SGPC ने उनकी ओर से याचिका दाखिल की थी
सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए बलवंत सिंह राजोआना की याचिका पर बुधवार को फैसला सुरक्षित रख लिया. राजोआना ने राष्ट्रपति के पास 2012 से लंबित दया याचिका पर फैसला लेने में हुई देरी का हवाला देते हुए अपनी मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने की मांग की है. जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संदीप मेहता और जस्टिस अपरेश सिंह की तीन सदस्यीय पीठ ने मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा.
राजोआना की ओर से पेश वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट ने मई 2023 में उनकी मौत की सजा को उस समय उम्रकैद में बदलने से इनकार कर दिया था, लेकिन सक्षम प्राधिकारी को उचित समय पर दया याचिका पर विचार करने की छूट दी थी. रोहतगी ने कहा कि इसके बावजूद करीब साढ़े तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन राष्ट्रपति के पास लंबित दया याचिका पर अब तक कोई फैसला नहीं हुआ है.
उन्होंने यह भी दलील दी कि राजोआना करीब 30 साल से जेल में बंद हैं और दया याचिका पर लंबे समय तक फैसला नहीं होना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार को प्रभावित करता है. केंद्र सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने याचिका का विरोध किया.
उन्होंने कहा कि राजोआना ने खुद दया याचिका दाखिल नहीं की थी, बल्कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने उनकी ओर से यह याचिका दाखिल की थी. ऐसे में किसी दूसरे व्यक्ति या संस्था की ओर से दाखिल दया याचिका के लंबित रहने के आधार पर राजोआना अनुच्छेद 21 के तहत राहत का दावा नहीं कर सकते.
नटराज ने यह भी कहा कि मुकदमे के दौरान राजोआना ने संविधान और न्यायिक व्यवस्था में विश्वास नहीं होने की बात कही थी. ऐसे में अब संवैधानिक प्रावधानों का सहारा लेकर राहत मांगने का उनका तर्क स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए. केंद्र की ओर से यह भी कहा गया कि पंजाब के हालात में ऐसा कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं आया है, जिसके आधार पर सुप्रीम कोर्ट अपने पहले के रुख में बदलाव करे.
सुनवाई के दौरान ASG ने राष्ट्रपति के संदर्भ पर 2025 में संविधान पीठ की राय का हवाला देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट अनुच्छेद 142 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करके संविधान के अनुच्छेद 72 और 161 के तहत राष्ट्रपति और राज्यपाल को मिली दया एवं क्षमादान की शक्तियों का स्थान नहीं ले सकता.
इसके जवाब में मुकुल रोहतगी ने कहा कि राजोआना ने अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा पहले संवैधानिक व्यवस्था में अविश्वास जताने से उसके अनुच्छेद 21 के तहत मिले मौलिक अधिकार समाप्त नहीं हो जाते. रोहतगी ने यह भी कहा कि राजोआना ने पहले अपनी सजा के खिलाफ अपील नहीं की थी, लेकिन इससे उन्हें हमेशा के लिए संवैधानिक उपचारों से वंचित नहीं किया जा सकता.
31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय के प्रवेश द्वार पर हुए बम धमाके में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह समेत 17 लोगों की मौत हो गई थी. इस मामले में बलवंत सिंह राजोआना को जुलाई 2007 में विशेष अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी. पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 12 अक्टूबर 2010 को उनकी सजा और दोषसिद्धि बरकरार रखी थी. राजोआना ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं दी थी.
मार्च 2012 में SGPC ने संविधान के अनुच्छेद 72 के तहत राजोआना की ओर से राष्ट्रपति के समक्ष दया याचिका दाखिल की थी. 2020 में राजोआना ने दया याचिका पर फैसला लेने में देरी का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की की है. मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को दो महीने के भीतर दया याचिका पर फैसला लेने का निर्देश दिया था.
हालांकि, मई 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी मौत की सजा को उम्रकैद में बदलने से इनकार कर दिया था. उस समय केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए दया याचिका पर विचार टालने की बात कही थी सुप्रीम कोर्ट ने तब सक्षम प्राधिकारी को उचित समय पर दया याचिका पर विचार करने की छूट दी थी. अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार है कि दया याचिका पर करीब 14 साल से अधिक समय तक निर्णय नहीं होने को मौत की सजा कम करने का आधार माना जा सकता है या नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं