विज्ञापन

सरकारी अस्पताल में ही रहेंगे सोनम वांगचुक, हाईकोर्ट ने पत्नी गीतांजलि की मांग को किया खारिज

कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने वांगचुक की पत्नी का पक्ष रखा और 'माय बॉडी माय चॉइस' वाली दलील भी दी.

सरकारी अस्पताल में ही रहेंगे सोनम वांगचुक, हाईकोर्ट ने पत्नी गीतांजलि की मांग को किया खारिज
कोर्ट में सरकार ने कहा कि सोनम वांगचुक तक उनकी पत्नी का फुल एक्सेस है. (Photo: PTI)
नई दिल्ली:

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो की याचिका पर कोई अंतरिम राहत नहीं दी है. कोर्ट ने सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती सोनम वांगचुक को प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की अर्जी को खारिज कर दिया है. बीते तीन हफ्ते से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक फिलहाल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में ही भर्ती रहेंगे. वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने दिल्ली हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी और मांग किया था कि उन्हें किसी निजी अस्पताल में एडमिट करवाया जाए. याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में सवा घंटे सुनवाई चली और अदालत ने सरकार के फैसले को सही करार दिया है. 

कोर्ट में सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने वांगचुक की पत्नी का पक्ष रखा और 'माय बॉडी माय चॉइस' वाली दलील भी दी. उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक को अधिकार है कि वह किस डॉक्टर और किस अस्पताल की निगरानी में रहना चाहते हैं. इस पर सरकार की तरफ से दलील दी गई कि सोनम वांगचुक के लिए सारी सुविधाएं सफदरजंग अस्पताल में भी हैं. यही नहीं सरकार ने कहा कि राष्ट्रपति का इलाज भी सरकारी अस्पताल में ही होता है. ऐसे में प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किए जाने जैसी मांग सही नहीं है. 

सरकार की तरफ से यह भी कहा गया है कि सफदरजंग हॉस्पिटल में सोनम वांगचुक तक उनकी पत्नी और परिवार का फुल एक्सेस है. 

वांगचुक को हॉस्पिटल में रखना जरूरी?

हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सवाल किया कि क्या वांगचुक को तुरंत अस्पताल में भर्ती करने की कोई जरूरी वजह है. इस पर असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने जवाब देते हुए कहा, "उमस भरे मौसम में 18 दिन तक उपवास करने से किसी भी सामान्य शख्स की बॉडी डिहाइड्रेशन हो सकता है और कीटोसिस की समस्या हो सकती है" 

AIIMS के एक डॉक्टर ने बताया कि सोनम वांगचुक को बिना चीनी वाली कुछ ओरल दवाएं और ORS दिया गया, क्योंकि वह न तो कोई नस के जरिए दवाएं ले रहे हैं और न ही चीनी या विटामिन वाले सप्लीमेंट. उन्होंने कहा कि वांगचुक कीटोसिस की स्थिति में हैं और डिहाइड्रेटेड हैं, इसलिए उन्हें कार्बोहाइड्रेट और विटामिन की जरूरत है.

ये भी पढ़ें: अब पता चला अनशन करना कितना मुश्किल, दो दिन में मेरी हालत खराब हो गई: अभिजीत दीपके

हाई कोर्ट क्यों पहुंचीं वांगचुक की पत्नी?

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि का कहना है कि सफदरजंग हॉस्पिटल से उनका विश्वास उठ गया है और वे सोनम को किसी प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट करवाना चाहती हैं. बता दें कि 18 जुलाई की तड़के सुबह दिल्ली पुलिस की टीम जंतर-मंतर पहुंची और अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को वहां से ले गई. इसके बाद उन्हें सफदरजंग हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sonam Wangchuck, Safdarjung Hospital, Jantar Mantar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com