- SP ने कांग्रेस के साथ सीट की बातचीत के बीच सहारनपुर की सीटों सहित पांच उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है
- सहारनपुर और बेहट सीटों पर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद की दावेदारी थी, जिससे वे असंतुष्ट हैं
- अमेठी और रायबरेली में सपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में अधिकांश सीटें जीती थीं, जिन पर कांग्रेस का भी दावा है
कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच ही समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है. इसमें सहारनपुर की दोनों सीटें शामिल हैं, जिनपर पिछले विधानसभा चुनाव में उसकी जीत हुई थी. इन दोनों सीटों सहारनपुर और बेहट पर स्थानीय सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद की नज़र थी. इसके बाद से इमरान मसूद भड़के हुए हैं. बहरहाल समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को साफ कर दिया है कि ऐसी सीटें नहीं छोड़ी जाएंगी, जिन पर पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की थी. ऐसे में सहारनपुर के बाद अब नजरें अमेठी, रायबरेली पर टिक गई हैं.
गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले इन दो जिलों की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने दावा ठोका है. राहुल गांधी रायबरेली से सांसद हैं और अमेठी लोकसभा सीट भी कांग्रेस के पास है. हालांकि बीते विधानसभा चुनाव में यहां खाता नहीं खोल पाई थी. बीते विधानसभा चुनाव में अमेठी की चार सीटों में से दो सीटें और रायबरेली की छह में से चार सीटें समाजवादी पार्टी ने जीती थी. हालांकि हाल में ही इन छह में दो विधायक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं. 2022 में इन दोनों जिले की बची हुई चार सीटें बीजेपी ने ही जीती थी.
समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों का शुरुआती ऑफर दिया है, उसमें इन 10 में से केवल एक जगदीशपुर की सीट है. अमेठी की इस सीट पर पिछली बार कांग्रेस उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे. जाहिर है समाजवादी पार्टी अपनी जीती हुई सीटें कांग्रेस को देने के मूड में नहीं है. सहारनपुर में सीटों का एलान पर समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने कहा कि हम अपने विधायकों का टिकट नहीं काट सकते. ऐसी अपेक्षा नहीं करनी चाहिए. क्या समाजवादी पार्टी अमेठी, रायबरेली में भी सिटिंग सीट नहीं छोड़ेगी? इस सवाल के जवाब में राजीव राय ने कहा, 'अभी तक तो यही कहा है कि हम सिटिंग विधायकों के टिकट नहीं काटेंगे. आगे कांग्रेस नेतृत्व हमारे नेतृत्व से बात करे.'
अमेठी और रायबरेली की सीटों पर कौन झुकेगा?
वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा उम्मीदवारों के एकतरफा ऐलान को गैरज़िम्मेदाराना करार देते हुए यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने अमेठी, रायबरेली की सीटों को लेकर कहा कि इंतज़ार कीजिए इस पर बाद में बात करेंगे. कांग्रेस को गठबंधन में 100 से ज्यादा सीटें मिलने का भरोसा है. लेकिन समाजवादी पार्टी के रूख से लगता है कांग्रेस को इससे काफ़ी कम सीटों पर समझौता करना पड़ेगा. संख्या से ज़्यादा अब नज़र अमेठी और रायबरेली की सीटों पर टिक गई हैं कि दोनों दलों में से कौन झुकेगा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं