विज्ञापन

मंदिर परिसर में 'गुंडागर्दी': देवतालाब मेले में युवक को लाठी-डंडों से पीटा, देखते रहे लोग

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवतालाब शिव मंदिर मेले में पार्किंग विवाद को लेकर युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. बीच सड़क हुई इस घटना में लोग तमाशबीन बने रहे और वीडियो बनाते रहे.

मंदिर परिसर में 'गुंडागर्दी': देवतालाब मेले में युवक को लाठी-डंडों से पीटा, देखते रहे लोग

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवतालाब शिव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच खुलेआम गुंडागर्दी देखने को मिली. पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा, जबकि वहां मौजूद लोग सिर्फ तमाशबीन बने रहे. ये घटना देवतालाब-नईगढ़ी मुख्य मार्ग स्थित स्टेडियम के पास यह पूरी घटना हुई. 

दरअसल, मलमास मेले के अंतिम दिन सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने एक युवक को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह सब कुछ खुलेआम सड़क पर होता रहा और कोई रोकने वाला नहीं था.

पार्किंग विवाद बना हमले की वजह

बताया जा रहा है कि युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पार्किंग के नाम पर हो रही मनमानी का विरोध कर दिया. इसी बात से नाराज होकर खुद को पार्किंग कर्मी बताने वाले कई लोग एकजुट हो गए और युवक पर टूट पड़े. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवक को अधमरा कर दिया गया.

वीडियो बनाते रहे लोग

हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान वहां मौजूद लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे. किसी ने आगे बढ़कर हमले को रोकने की कोशिश नहीं की. यह तस्वीर न सिर्फ इंसानियत पर सवाल खड़ी करती है, बल्कि समाज की संवेदनहीनता भी उजागर करती है.

मारपीट के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

आस्था स्थल पर अवैध वसूली के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर परिसर में लंबे समय से व्यवस्था के नाम पर वसूली की जा रही थी. पार्किंग के नाम पर मनमाने पैसे लिए जाते थे, जिसका लोग विरोध भी कर रहे थे. इसी का परिणाम इस हिंसक घटना के रूप में सामने आया.

लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी पर्याप्त नहीं थी, जिसके कारण हालात बिगड़ते चले गए. अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी.

पुलिस ने जांच का भरोसा दिया

वहीं इस मामले में थाना प्रभारी राजेश पटेल का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने भरोसा दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी की नजरें जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Violence & Abuse, Mauganj News, Mp Crime, Mauganj Breaking News, Madhya Pradesh Live News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com