- रोहतक में देर रात 4 शूटर्स की हत्या, गैंगवार की आशंका
- मिलन ढाबे पर खाना खाते समय बरसी गोलियां, जान बचाकर भागे शूटर को भी नहीं छोड़ा
- हिमांशु भाऊ गैंग और सन्नी रिटोलिया गुट से जुड़े हो सकते हैं तार
हरियाणा के रोहतक में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है. खरावड़ पुलिस चौकी के पास स्थित मिलन ढाबे पर देर रात पहुंचे पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर सन्नी रिटोलिया गैंग के 4 शूटरों की हत्या कर दी. हिमांशु भाऊ गैंग पर हमले का आरोप है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन की मौत खाने की टेबल पर ही हो गई, जबकि चौथे को भागने के दौरान पीछा कर गोली मार दी गई. मृतकों में तीन शूटर झज्जर जिले के डीघल गांव और एक बेरी क्षेत्र का बताया जा रहा है. पुलिस गैंगवार सहित कई एंगल से मामले की जांच कर रही है.
स्विफ्ट कार में पहुंचे थे हमलावर, खाने खा रहे शूटर्स पर बरसाईं गोलियां
NDTV को प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब साढ़े 12 बजे पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर मिलन ढाबे पर पहुंचे. उस समय कुछ युवक खाना खा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने आते ही युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
फायरिंग के दौरान तीन शूटर्स की मौके पर ही मौत हो गई. चौथा घटनास्थल से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी कई मिनट तक मौके पर हथियार लहराते हुए घूमते रहे और फिर फरार हो गए.
मृतकों की हुई पहचान, पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का रहने वाला था. पुलिस मृतकों की पहचान और क्रिमिनल बैकग्राउंड सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
साथ ही हाल के दिनों में डीघल गांव में हुए एक युवक की हत्या से भी इस वारदात के संभावित संबंधों की जांच की जा रही है.
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, स्पेशल सेल और एफएसएल ने लिए सैंपल
घटना की सूचना मिलने के बाद रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पहुंचे. एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे. सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.
यह भी पढ़ें : दरवाजा खटखटाया और सिर में मार दी गोली! दानापुर के इरफान मर्डर केस में पत्नी और आशिक सलाखों के पीछे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं