विज्ञापन

गोली छूकर निकली, सिर की हड्डी टूटी... कोर्ट के बाहर हमले में घायल मंदार किवले की कैसी है हालत? डॉक्टर ने बताया

हमले में घायल मंदार किवले की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उनके दाहिने और बाएं हाथ पर गहरे जख्म हैं, जबकि सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के कारण बेस स्कल फ्रैक्चर हुआ है.

पुणे में कोर्ट के बाहर शख्स पर हमला
NDTV

पुणे में शिवाजीनगर जिला कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार दोपहर चार हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर दिया. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है. घटनास्थल से दो हथियार और इस्तेमाल किए गए कारतूस भी बरामद किए गए हैं. वहीं शख्स का इलाज चल रहा है. डॉक्टरों ने बताया कि खून काफी बह गया था. शख्स के हाथ और सिर पर गंभीर चोटें लगी हैं.

क्या हुआ था?

यह घटना दोपहर करीब 1:15 बजे कोर्ट परिसर के गेट नंबर 4 के पास हुई. पीड़ित की पहचान मंदार किवाले के रूप में हुई है, जो कटराज इलाके में शुभम चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था. वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने किवाले पर धारदार हथियारों से हमला करने से पहले गोली चलाई और फिर मौके से फरार हो गए. हमले में घायल होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

क्या बोले डॉक्टर?

मंदार किवले का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि उन्हें काफी चोटें आई हैं. ज्यादातर जख्म दाहिने और बाएं हाथ पर हैं. इसके अलावा सिर के पिछले हिस्से में भी चोट है. सिर के पिछले हिस्से में उन्हें फ्रैक्चर यानी 'बेस स्कल फ्रॅक्चर' भी हुआ है.

उन्होंने कहा, 'जब मरीज हमारे यहां भर्ती हुआ था, उस समय उसका ब्लड प्रेशर कम था क्योंकि काफी ज्यादा खून बह चुका था. इसलिए हमने फ्लूइड मैनेजमेंट किया और आईवी फ़्लूइड देने के बाद अब उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा है. मरीज की हालत क्रिटिकल है. क्योंकि ऐसे मरीजों के मामले में हम 24 से 48 घंटे या 72 घंटे तक कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कह सकते. हम सभी सर्जन, ऑर्थोपेडिक सर्जन, प्लास्टिक सर्जन और न्यूरोसर्जन की मदद से उन्हें फिलहाल स्थिर किया गया है. जल्द ही मरीज को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया जाएगा और ससून अस्पताल की ओर से जो भी अधिकतम संभव इलाज होगा, वह किया जाएगा.

डॉक्टर ने आगे बताया कि किवले की पीठ के दाहिने हिस्से को गोली छूकर निकली है. वहां हल्का निशान है. यह गोली अंदर गहराई तक नहीं गई है, इसलिए कोई गहरी चोट नहीं है. इसके अलावा दाहिने हाथ के ऊपरी हिस्से को भी गोली हल्का-सा छूकर निकलने की बात वे कह रहे हैं, लेकिन उसमें भी कोई खास चोट नहीं है.

उन्होंने बताया कि किवले इलाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. अंदरूनी रक्तस्राव यानी दिमाग के भीतर कितना रक्तस्राव हुआ है, यह अभी स्पष्ट रूप से समझ नहीं आ सकता. जब उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया जाएगा और बाकी जांच पूरी होंगी, तब इसके बारे में निश्चित रूप से बताया जा सकेगा.

वहीं पुणे पुलिस के उपायुक्त गौहर हसन ने बताया कि कोर्ट परिसर के बाहर करीब चार लोगों ने किवाले पर हमला किया. उन्होंने पुष्टि की कि घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हमलावरों के भागने के बाद कोर्ट के गेट नंबर 4 के पास से दो हथियार और इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद किए गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाने शुरू कर दिए. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया.

यह भी पढ़ें | हत्या के आरोपी का पहले हाथ काटा फिर बीच सड़क गोली मार फरार, पुणे कोर्ट के बाहर हॉरर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Court Attack, Pune Court Attack Case, Pune Court Decision News, Pune Court Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com