- सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी नेता योगेश गौड़ा हत्या मामले में दोषियों की जमानत रद्द कर दी है
- कर्नाटक हाईकोर्ट ने पहले दोषियों की उम्रकैद सजा निलंबित कर पांच लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी थी
- दोषियों को दो हफ्ते के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया है
सप्रीम कोर्ट से साल 2016 में बीजेपी नेता योगेश गौड़ा की हत्या मामले में पूर्व कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत अन्य दोषियों को बड़ा झटका लगा है. अदालत ने कर्नाटक हाईकोर्ट की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत देने के आदेश को रद्द कर दिया. अब पूर्व विधायक और दोषियों को दो हफ्ते के भीतर सरेंडर करना होगा. जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हाईकोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए कुलकर्णी और अन्य दोषियों की जमानत भी रद्द कर दी.
दो हफ्ते में करना होगा सरेंडर
सभी दोषियों को दो हफ्ते के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया.आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस आपराधिक अपील में चुनौती दिए गए आदेश निरस्त किए जाते हैं.दोषी द्वारा प्रस्तुत जमानत बांड रद्द किए जाते हैं और उन्हें दो सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा.सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दोषसिद्धि के खिलाफ उनकी अपील पर हाईकोर्ट सुनवाई करेगा.
कर्नाटक हाई कोर्ट ने दी थी जमानत
दरअसल, 31 जुलाई 2026 को कर्नाटक हाईकोर्ट ने कुलकर्णी की दोषसिद्धि पर उनकी अपील के निस्तारण तक रोक लगा दी थी. हाईकोर्ट ने उनकी उम्रकैद की सजा निलंबित कर कुछ शर्तों के साथ पांच लाख रुपये के मुचलके पर जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया था.साथ ही अदालत की अनुमति के बिना देश छोड़ने और अदालत के निर्देश पर पेश होने से संबंधित शर्तें भी लगाई गई थीं. हाईकोर्ट ने अन्य दोषियों की सजा भी अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दी थी.
धारवाड़ में हुई थी योगेश गौड़ा की हत्या
यह मामला 2016 में धारवाड़ में बीजेपी के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की हत्या से जुड़ा है. योगेश गौड़ा की धारवाड़ के सप्तापुर इलाके स्थित उनकी जिम में हथियारबंद हमलावरों ने हत्या कर दी थी.शुरुआत में धारवाड़ पुलिस ने मामले की जांच की और छह लोगों को गिरफ्तार कर आरोपपत्र दाखिल किया. बाद में जांच सीबीआई को सौंप दी गई.अप्रैल 2026 में विशेष अदालत ने विनय कुलकर्णी और अन्य आरोपियों को दोषी ठहराया था.
विनय कुलकर्णी ने दी थी क्या दलील?
विनय कुलकर्णी ने हाईकोर्ट में अपनी अपील के दौरान दलील दी थी कि मुकदमे में 62 गवाहों की जांच हुई, लेकिन किसी ने भी अभियोजन पक्ष के आरोपों का समर्थन नहीं किया. उन्होंने यह भी कहा था कि सीबीआई द्वारा 2019 में जांच अपने हाथ में लेने के बाद 61 गवाहों को दोबारा बुलाकर नए सिरे से उनकी गवाही दर्ज कराई गई थी. सीबीआई ने इन दलीलों का विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि धारवाड़ की अदालत में हुई पिछली सुनवाई में गवाहों को प्रभावित किया गया था. अब सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक हाईकोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसके जरिए कुलकर्णी और अन्य दोषियों को दोषसिद्धि और सजा के मामले में राहत मिली थी.
ये भी पढ़ें-आदेश के बावजूद दीपथून पर नहीं जला दीपक... विजय सरकार के खिलाफ दाखिल होगी अवमानना याचिका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं