दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा उर्फ पचपच और गौतम उर्फ बौंसर के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश दिल्ली के प्रेम नगर इलाके के रहने वाले हैं और हत्या, हत्या की कोशिश और लूट समेत कई आपराधिक मामलों में पहले भी शामिल रहे हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल शर्मा अपने साथी गौतम के साथ रोहतक से दिल्ली आ रहा है. दोनों को रानी खेड़ा इलाके में अपने विरोधी गैंग के अमित मान और उसके साथियों के खिलाफ वारदात को अंजाम देना था. इस इनपुट के आधार पर स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने टीम बनाई और 20 अक्टूबर की शाम रानी खेड़ा बस डिपो के पास जाल बिछाया.
क्या क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने एक काली महिंद्रा XUV300 को रोककर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो इटली में बनी .32 बोर की पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और गाड़ी बरामद की गई.
पुलिस के मुताबिक, राहुल शर्मा उर्फ पचपच के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसे 22 मार्च 2026 के आदेश के तहत एक साल के लिए दिल्ली से बाहर रहने का आदेश दिया गया था. इसके बावजूद वह दिल्ली में मिला.
आगे की जांच जारी है
वहीं, गौतम उर्फ बौंसर के खिलाफ भी हत्या की कोशिश और लूट समेत 14 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. वह प्रेम नगर इलाके में चाइनीज फूड की दुकान भी चलाता है.
स्पेशल सेल के मुताबिक, दोनों आरोपी अपने गैंग के जरिए इलाके में दबदबा बनाने और विरोधी गैंग के लोगों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया गया. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: UP के लड़के ने बनाई 5 लाख फर्जी ईमेल ID, पाकिस्तान-बांग्लादेश वालों को बेच डाली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं