विज्ञापन

'आप पर जांच चल रही है', इतना सुनते ही रिटायर्ड रक्षा मंत्रालय अधिकारी ने गंवा दिए 2.02 करोड़; 3 ठग गिरफ्तार

इस मामले में ठग ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर एक बैंक खाता खोला गया है और उस खाते में 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है.

'आप पर जांच चल रही है', इतना सुनते ही रिटायर्ड रक्षा मंत्रालय अधिकारी ने गंवा दिए 2.02 करोड़; 3 ठग गिरफ्तार
साइबर ठगी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.
  • ठगों ने आधार कार्ड दुरुपयोग और जांच एजेंसियों के डर का सहारा लेकर पीड़ित से करोड़ों रुपये ठगे थे
  • लखनऊ से गिरफ्तार तीन आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और चेकबुक बरामद की गई है
  • आरोपियों में बैंक खातों का प्रबंध, रकम ट्रांसफर और कमीशन वितरण जैसी भूमिकाएं शामिल थीं

दिल्ली में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है. डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर रक्षा मंत्रालय के एक सेवानिवृत्त अधिकारी से 2 करोड़ 2 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने खुलासा किया है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, आठ डेबिट कार्ड और एक चेकबुक बरामद की गई है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.

ऐसे जाल में फंसाया गया पीड़ित को

पुलिस के अनुसार ठगी का शिकार 66 वर्षीय रक्षा मंत्रालय के एक रिटायर्ड सेक्शन ऑफिसर बने. उनके पास एक फोन कॉल आई जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को सरकारी अधिकारी बताया. ठग ने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर एक बैंक खाता खोला गया है और उस खाते में 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है. इसके बाद अलग-अलग लोगों ने खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर पीड़ित को डराना शुरू कर दिया.

उन्हें कहा गया कि उनके खिलाफ आपराधिक जांच चल रही है और गिरफ्तारी भी हो सकती है. इसी डर का फायदा उठाकर ठगों ने उनसे करोड़ों रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए. दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिए इधर-उधर भेजी गई थी. इस नेटवर्क में अलग-अलग लोगों की अलग भूमिकाएं थीं.

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

मोहम्मद इमरान खान (37) की कंपनी के बैंक खाते में ठगी के 17 लाख रुपये पहुंचे थे. राम किशोर (28) साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इंतजाम करता था और उन्हें दूसरे लोगों को उपलब्ध कराता था. रुपेंद्र प्रताप सिंह (25) ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और कमीशन बांटने का काम करता था. जांच में यह भी पता चला है कि कुछ भुगतान क्रिप्टोकरेंसी USDT के माध्यम से किए जाते थे.

अभी जारी है जांच

पुलिस का मानना है कि यह एक बड़े साइबर नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा ठगी की बाकी रकम कहां भेजी गई. अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें | लॉरेंस बिश्नोई को लेकर दिल्ली पुलिस सख्त, साबरमती जेल में मिलने वालों की मांगी लिस्ट; बड़ी जांच की तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Digital Arrest, Cyber Fraud News, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com