- दिल्ली के द्वारका में साइबर पुलिस ने फर्जी इंटरनेशनल खरीदार बनाकर ठगी करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया
- फर्जी कॉल सेंटर पालम एक्सटेंशन में चल रहा था जहां 20 लोग गिरफ्तार किए गए जिनमें कंपनी के मालिक भी शामिल थे
- आरोपियों ने कारोबारियों को विदेशी ऑर्डर दिलाने का झांसा देकर सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले
दिल्ली के द्वारका में साइबर पुलिस ने फर्जी इंटरनेशनल खरीदारों के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने पालम एक्सटेंशन में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर 20 लोगों को पकड़ा है. इनमें कंपनी का रजिस्टर्ड मालिक और ऑपरेशन मैनेजर भी शामिल हैं.
कैसे बनाते थे शिकार?
आरोपियों का निशाना देशभर के फैक्ट्री मालिक और कारोबारी थे. उन्हें विदेश से बड़ा ऑर्डर दिलाने का झांसा दिया जाता था. इसके बाद फर्जी विदेशी खरीदार बनकर उनसे व्हाट्सऐप पर बात की जाती थी. फिर ISO, GMP, BRC और IEC जैसे सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले जाते थे. दिल्ली पुलिस ने कॉल सेंटर से 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 14 CPU, 23 डायरियां, दो चेकबुक और कई फर्जी सर्टिफिकेट बरामद किए हैं.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी गूगल लिस्टिंग, सोशल मीडिया और B2B पोर्टल के जरिए कारोबारियों तक पहुंचते थे. उन्हें विदेशी खरीदार दिलाने का भरोसा देकर 5,900 रुपये प्लस GST और दूसरे पैकेज के नाम पर मेंबरशिप बेची जाती थी.
मेंबरशिप लेने के बाद कारोबारी को एक कथित विदेशी खरीदार का व्हाट्सऐप नंबर दिया जाता था. असल में यह नंबर उसी कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारी इस्तेमाल करते थे, जो विदेशी मोबाइल नंबरों के जरिए खरीदार बनकर बात करते थे.
इसके बाद कारोबारी को बड़े विदेशी ऑर्डर का लालच दिया जाता था. फर्जी खरीदार कहता था कि ऑर्डर पाने के लिए ISO, GMP, BRC, IEC या फूड सेफ्टी जैसे सर्टिफिकेट जरूरी हैं.
ऑर्डर हाथ से निकलने के डर से कारोबारी दोबारा उसी कंपनी से संपर्क करते थे. कंपनी सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर लाखों रुपये वसूलती और फर्जी सर्टिफिकेट थमा देती थी. इसके बाद कथित विदेशी खरीदार एक और सर्टिफिकेट की मांग कर देता था. इस तरह कारोबारियों से बार-बार ठगी की जाती थी.

कैसे हुआ फ्रॉड का खुलासा?
इस गिरोह का खुलासा साइबर पुलिस की बैंक खातों और साइबर ठगी की शिकायतों की जांच के दौरान हुआ. पुलिस को NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से पता चला कि ठगी की रकम जिले में खोले गए बैंक खातों में जमा कराई जा रही थी.
जांच के दौरान एक फर्म के नाम पर इंडसइंड बैंक में चल रहे खाते की शिकायत महाराष्ट्र से जुड़ी मिली. इसके बाद पुलिस ने खाते के मालिक की जानकारी जुटाई और जांच करते हुए पालम एक्सटेंशन, सेक्टर-7 स्थित एक ऑफिस तक पहुंच गई.
वहां पुलिस को पूरा कॉल सेंटर चलता मिला. मौके पर 20 लोग मोबाइल फोन, कंप्यूटर और लैपटॉप के जरिए काम करते मिले.
आगे की जांच में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की शिकायतों का इस कंपनी के बैंक खातों और कॉल सेंटर से मिले एक मोबाइल नंबर से संबंध सामने आया. मध्य प्रदेश से जुड़े मामले में एक्सिस बैंक खाते की भी जांच में कड़ी मिली.
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि कंपनी किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी. उसने हर महीने पैसे लेकर अपनी पहचान का इस्तेमाल कंपनी के लिए करने दिया था. जबकि पूरे कॉल सेंटर का संचालन ऑपरेशन मैनेजर कर रहा था. ठगी के इस नेटवर्क में सेल्स, सपोर्ट/बायर कनेक्ट, फर्जी खरीदार और IT की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं.
DCP द्वारका ने बताया कि द्वारका साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. टीम में SI विकास सांगवान, हेड कांस्टेबल रवि डागर और कांस्टेबल नरेश शामिल थे. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 3(5) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें | NBFC कंपनियों पर साइबर ठगों का बड़ा हमला, दिल्ली-NCR में इस तरह से उड़ा लिए 65 करोड़ रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं