दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शिकंजा कस दिया है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब उन लोगों के बारे में जानकारी खंगालेगी, जो साबरमती जेल में लॉरेंस से मिलने गए थे. इसके लिए दिल्ली पुलिस ने साबरमती जेल प्रशासन को चिट्ठी लिखकर पिछले कुछ साल में लॉरेंस से मिलने वालों की जानकारी मांगी है. पुलिस को शक है कि जेल में मुलाकात के दौरान ही बाहर की जानकारी लॉरेंस तक पहुंचाई जाती है और वहीं से एक्सटॉर्शन के निर्देश दिए जाते हैं.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले दिनों बॉलीवुड हस्तियों सहित दिल्ली के साथ ही अन्य राज्यों में लॉरेन्स बिश्नोई के नाम से रंगदारी के लिए वॉइस नोट और कॉल आई है. विदेशी नंबरों से आए ये कॉल किसने और किसके कहने पर किए हैं, उनके बारे में दिल्ली पुलिस पता लगाना चाहती है.
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि लॉरेन्स बिश्नोई का जेल के अंदर और बाहर एक ऐसा नेटवर्क है, जो जेल में मुलाकात के दौरान लॉरेन्स को बाहर की जानकारी देकर उससे निर्देश लेता है.
इससे पहले भी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लॉरेन्स बिश्नोई के तथाकथित वकील को मिडिल मैन के तौर पर गिरफ्तार किया है, जो साबरमती जेल लॉरेन्स से मिलने उसका वकील बनकर जाता था.
अब दिल्ली पुलिस लॉरेन्स के जेल के अंदर, जेल से बाहर और विदेशों के उस संपर्क चेन का पता लगाना चाहती है, जो एक्सटॉर्शन के पूरे संगठित अपराध की बुनियाद है.
यह भी पढ़ें | लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटर दिल्ली पुलिस ने दबोचे, कारोबारी और बॉलीवुड अभिनेता पर हमले की साजिश नाकाम
यह भी पढ़ें | '7 करोड़ दो वरना मार देंगे...', लॉरेंस गैंग के नाम पर किसने दी अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं