विज्ञापन

CM योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, चौरीचौरा से सपा का चुनावी बिगुल, क्या है गणित?

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव गोरखपुर से पीडीए रथ यात्रा निकालकर चौरीचौरा पहुंचे, जिसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के चुनावी अभियान की बड़ी शुरुआत माना जा रहा है. यात्रा के दौरान भाजपा से निष्कासित नेता अजय कुमार सिंह 'टप्पू' सपा में शामिल होंगे.

CM योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, चौरीचौरा से सपा का चुनावी बिगुल, क्या है गणित?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए रथ यात्रा निकालकर चौरीचौरा पहुंच रहे हैं. इस यात्रा को सिर्फ एक रोड शो नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के चुनावी शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है. खास बात यह है कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती पर भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित नेता अजय कुमार सिंह 'टप्पू' समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे और यहीं से अपने चुनावी अभियान का आगाज भी करेंगे.

यात्रा के लिए अखिलेश यादव बुधवार सुबह गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से उन्होंने पीडीए रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रोड शो शुरू किया. करीब 20 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान रास्ते भर उनके स्वागत की तैयारियां की गई हैं. 

सपा इसे पूर्वांचल में अपनी ताकत दिखाने और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को मजबूत करने की बड़ी राजनीतिक कवायद मान रही है. रोड शो के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटने का दावा किया जा रहा है.

चौरीचौरा विधानसभा से कौन हो सकता है सपा का उम्मीदवार?

चौरीचौरा पहुंचने के बाद अखिलेश यादव देवकहिया गांव में महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही स्वर्गीय विनय कुमार सिंह (बिन्नू) को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे. कार्यक्रम का सबसे अहम राजनीतिक संदेश अजय कुमार सिंह 'टप्पू' की समाजवादी पार्टी में औपचारिक एंट्री के रूप में सामने आएगा. सपा उन्हें चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी में है.

चौरीचौरा की राजनीति में अजय सिंह 'टप्पू' का नाम लंबे समय से चर्चा में रहा है. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में वे भाजपा से असंतुष्ट होकर निर्दलीय मैदान में उतरे थे. हालांकि उन्हें जीत नहीं मिल सकी, लेकिन इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. अब वही अजय सिंह सपा का दामन थामकर भाजपा के खिलाफ चुनावी मोर्चा खोलने जा रहे हैं.

सियासी जानकारों की नजर इस बात पर भी है कि अजय सिंह 'टप्पू' और उनका परिवार गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते रहे हैं. ऐसे में उनका सपा में जाना भाजपा के लिए राजनीतिक असहजता पैदा कर सकता है. चौरीचौरा में उनका स्थानीय प्रभाव और बंधू सिंह परिवार से जुड़ी पहचान उन्हें अलग राजनीतिक वजन देती है.

कौन हो सकते हैं आमने-सामने?

वर्तमान में चौरीचौरा सीट से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के पुत्र सरवन निषाद विधायक हैं, जो भाजपा गठबंधन का हिस्सा हैं. राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि 2027 में भी सरवन निषाद का टिकट लगभग तय है. ऐसे में यदि अजय सिंह 'टप्पू' सपा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला पहले से कहीं अधिक दिलचस्प हो सकता है.

चौरीचौरा की सियासत को और रोचक बनाने वाली चर्चाओं में पूर्व विधायक और पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद का नाम भी शामिल है. क्षेत्र में उनके संभावित चुनावी रुख को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. यदि राजनीतिक समीकरण बदले तो यहां मुकाबला त्रिकोणीय रंग भी ले सकता है.

यह भी पढ़ें: यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार कार्यकर्ता तय करेंगे BJP से किसको मिलेगा टिकट! समझ लीजिए पार्टी की रणनीति

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Samajwadi Party, Gorakhpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com