दिल्ली एनसीआर में अगले हफ्ते मौसम फिर पलट सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के राज्यों में आज नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है. इससे पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में थोड़ी बारिश भी देखने को मिल सकती है. सुबह और शाम के वक्त धुंध छाने के साथ गुलाबी ठंड भी शुरू हो गई है. हालांकि प्रदूषण से हालात गंभीर बने हुए हैं. दिल्ली में एक्यूआई 463 के स्तर पर है. नोएडा में ये 456, ग्रेटर नोएडा में 426 के खतरनाक स्तर पर है. गुरुग्राम और एनसीआर के अन्य बड़े शहरों में एक्यूआई 400 पार है.बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान मुरासु के आंध्र प्रदेश तट पार कर कमजोर पड़ गया है. लेकिन तमिलनाडु, कर्नाटक,केरल जैसे राज्यों में अभी भी 8 नवंबर तक बारिश जारी रखने का अनुमान है.हालांकि अभी 8 नवंबर तक बारिश के आसार मैदानी इलाकों में नहीं हैं.
पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में छिटपुट हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम शुष्क और आंशिक बादल छाने का अनुमान है.दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने के साथ हवाएं चलेंगी. दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री के बीच रहेगा.अगले हफ्ते से ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर भी बढ़ सकता है.
कर्नाटक और तमिलनाडु की चेतावनी
लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक और दक्षिण तमिलनाडु के ऊपर बने चक्रवाती तूफान के कारण बारिश का दौर बना रहेगा. तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और कराईकल में 8 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी. कर्नाटक और लक्षद्वीप में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट है. तटीय कर्नाटक में भी अच्छी बारिश के आसार हैं. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में आज भी बारिश होने का अनुमान है.
बंगाल, बिहार-झारखंड में हल्की बारिश
ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ सिक्किम में 5 नवंबर के आसपास कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. बिहार, झारखंड में भी आज कई जगहों पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है. लेकिन 5 से 11 नवंबर के बीच गाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है. इससे फिर बारिश इस रीजन में शुरू हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में आज का मौसम
पूर्वोत्तर असम के पास बने चक्रवाती तूफान के चलते अरुणाचल प्रदेश में 5 और 8 नवंबर को और असम और मेघालय में 7 से 8 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 8 नवंबर के दौरान बारिश के दौर की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में हल्की बारिश देखने को मिलेगी.छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 5 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना है. भोपाल, उज्जैन, विदिशा जैसे क्षेत्रों समेत मध्य प्रदेश और विदर्भ में बारिश थमेगी और अगले हफ्ते तक मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 5 नवंबर को छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं