लोकसभा में मंगलवार को एंटी पेपर लीक पर चर्चा हुई. कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी भाषण दिया. उनके भाषण के दौरान बीच में जोरदार हंगामा भी हुआ. नए शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी पर उनकी टिप्पणी को लेकर हंगामा हुआ. अपने भाषण के आखिर में प्रियंका गांधी ने कुछ ऐसा कहा कि जिसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उठकर कहा कि लग रहा है कि इन्होंने राहुल गांधी की स्पीच चोर कर ली.
पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस बिल पर चर्चा हो रही है, उसे 2024 में पास किया जा चुका है और अब इसमें संशोधन कर सिर्फ सजा बढ़ाई जा रही है. उन्होंने कहा कि जब से ये बिल पास हुआ है, तब से एक भी अपराधी को सजा नहीं दी.
इसके बाद ही प्रियंका गांधी ने कथित वोट चोरी और चंदा चोरी का मुद्दा भी उठाया. इसके जवाब में किरेन रिजिजू ने उन पर राहुल गांधी की स्पीच चोरी करने का तंज कसा.
यह भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री को कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलना पड़ेगा: पेपर लीक पर चर्चा में बोलीं प्रियंका गांधी
संसद में क्या हुआ?
प्रियंका गांधी ने कहा, 'इस सरकार में हमने बड़ी-बड़ी चोरियां देखी हैं. चुनाव में वोटों की चोरी, राम मंदिर में चंदा चोरी, बड़े-बड़े उद्योगपतियों के द्वारा संपत्ति की चोरी, किसानों की जमीन की चोरी लेकिन सबसे बड़ी चोरी तब हुई जब देश के नौजवानों के भविष्य, उनके सपने चुराए गए. भविष्य की चोरी, सपने की चोरी किसी भी चोरी से कहीं बड़ी होती है.'
'हम कांग्रेस और विपक्ष के लोग जान दे देंगे, लेकिन भारत की हार नहीं होने देंगे'
— NDTV India (@ndtvindia) July 28, 2026
लोकसभा में बोलीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी #LokSabha #PriyankaGandhi #Congress pic.twitter.com/eKprEpZGRC
उन्होंने कहा कि 'अगर देश का युवा निराश हो गया, उसकी उम्मीद टूट गई तो सबसे बड़ी हार भारत की होगी. हम कांग्रेस और विपक्ष के लोग जान दे देंगे लेकिन भारत का हार नहीं होने देंगे.'
प्रियंका गांधी का भाषण जैसे ही खत्म हुआ, वैसे ही संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू खड़े हुए और हंसते हुए कहा- 'मुझे लग रहा है कि प्रियंका जी ने राहुल गांधी जी की स्पीच का चोरी कर लिया है.' उनके इतना कहने के बाद सत्ता पक्ष के सांसद ठहाके लगाकर हंसने लगे.
यह भी पढ़ेंः कभी राहुल को कहा 'टपोरी' तो कभी 1947 की आजादी को 'भीख' बताया... कंगना के बयानों पर कब-कब हुआ बवाल
प्रियंका बोलीं- दिल का एंगल बदलना होगा
प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर तंज कसा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को कैमरा नहीं, दिल का एंगल बदलना चाहिए.
प्रियंका गांधी ने कहा कि 'संसद में विपक्ष को दोषी ठहराने से, राजनीतिक खेल खेलने से काम नहीं चलेगा. आप जेन-जी का भरोसा जीतना चाहते हैं तो नए-नए एंगल से अपने फोन से वीडियो बनाने से नहीं होगा. प्रधानमंत्री जी को कैमरे का एंगल नहीं, दिल का एंगल बदलना पड़ेगा.'
उन्होंने कहा कि 'ये जेनरेशन जागरूक है, समझता है, झूठ पहचानने की क्षमता है. इनका दिल-दिमाग जीतने के लिए आपको सच्चाई पर उतरना होगा. आपके शासन में नौजवान पीढ़ी के साथ घोर अन्याय हुआ है, अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने से काम नहीं चलेगा.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं