- बिहार के मंत्रियों का ब्लड टेस्ट कराइए, पप्पू यादव का बड़ा बयान
- पप्पू यादव बोले- गांजा और शराब का सेवन करते हैं कई नेता
- बिहार की कानून व्यवस्था हमला, बच्चियों की सुरक्षा को लेकर सांसद ने उठाए गंभीर सवाल
बिहार में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है. पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने राज्य में हाल के दिनों में सामने आए उत्पीड़न और हिंसा के मामलों का जिक्र करते हुए सरकार और राजनीतिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि समाज में नशे की बढ़ती लत और जवाबदेही की कमी के कारण हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं. पप्पू यादव ने यहां तक कहा कि सरकार के मंत्री और नेताओं का ब्लड टेस्ट कराया जाना चाहिए, जिससे कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं.
मंत्री और नेताओं के ब्लड टेस्ट की उठाई मांग
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार सरकार के मंत्रियों और नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के कुछ मंत्री और नेता गांजा और शराब का सेवन करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यदि इन लोगों का ब्लड टेस्ट कराया जाए तो कई बातें सामने आ सकती हैं. उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है.
#WATCH पटना (बिहार): पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने जमुई और समस्तीपुर की घटना के बाद बांका की लड़की उत्पीड़न के वीडियो पर कहा, "समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर में रॉड से बच्चियों को मारा है...विरोध करने पर दो-दो बच्चियों को मारा गया है...मेरा सीधा सवाल है कि ऊपर से नीचे तक नेता… pic.twitter.com/E1CCHTG42j
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 25, 2026
पप्पू यादव ने कहा 'समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर में रॉड से बच्चियों को मारा है. विरोध करने पर दो-दो बच्चियों को मारा गया है. मेरा सीधा सवाल है कि ऊपर से नीचे तक नेता से अंतिम व्यक्ति, 95% यूथ ड्रग्स ले रहे हैं. तो बच्ची सुरक्षित कहां होगी? शिक्षक 40% शिक्षक बच्ची का यौन शोषण कर रहे हैं, शिक्षिका का यौन शोषण हो रहा है. सिपाही का यौन शोषण सीनियर पदाधिकारी के द्वारा हो रहा है, नर्सेस का हो रहा है. तो स्कूल से निकले हुए बच्ची जब सुनसान सड़कों से गांव जाएंगे तो ड्रग्स और चरस पीने वाले मनचले लड़के बच्ची को नहीं छेड़ेंगे, क्या आपको ये लगता है? किसी भी गांव गली की बच्ची सुरक्षित है? जवाबदेही तय ही नहीं हो रही है. किसी की बच्ची-बेटी बहन सुरक्षित नहीं है.'
बच्चियों की सुरक्षा पर जताई चिंता
जमुई, समस्तीपुर और बांका की घटनाओं का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि राज्य में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि कई जगहों पर बच्चियों के साथ हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं. ऐसे मामलों में जवाबदेही तय नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है.
नशे को बताया बड़ी समस्या
पप्पू यादव ने कहा कि समाज में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है. उन्होंने दावा किया कि ऊपर से नीचे तक बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में हैं. उनका कहना था कि जब बड़ी संख्या में युवा ड्रग्स, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हों, तो समाज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना मुश्किल हो जाता है.
शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल
सांसद ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्ग भी शोषण की घटनाओं का सामना कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षिकाओं, नर्सों और अन्य महिलाओं के साथ भी उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं. साथ ही उन्होंने व्यवस्था में जवाबदेही की कमी को इन समस्याओं की एक बड़ी वजह बताया.
बेटियों की सुरक्षा पर सरकार को घेरा
पप्पू यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि स्कूल से लौटने वाली बच्चियों को सुनसान रास्तों से गुजरना पड़े और वहां नशे के प्रभाव में रहने वाले लोग मौजूद हों, तो उनकी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है. उन्होंने कहा कि आज किसी भी गांव, गली या मोहल्ले में बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है और इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है.
यह भी पढ़ें : 'ज्ञानेश कुमार को फांसी हो, लोकतंत्र की हत्या सबसे बड़ा आतंकवाद': पप्पू यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं