विज्ञापन

पंजाब का 'सिंघम' अफसर सस्पेंशन पर क्यों मचा है बवाल? 8 अक्टूबर को नेशनल हाइवे जाम का ऐलान

फिरोजपुर में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने वाले फूड सेफ्टी अफसर अभिनव कुमार के सस्पेंशन पर लोग भड़क गए हैं. लोगों ने प्रशासन से उनकी बहाली की मांग की है.

पंजाब का 'सिंघम' अफसर सस्पेंशन पर क्यों मचा है बवाल? 8 अक्टूबर को नेशनल हाइवे जाम का ऐलान
पंजाब के फूड सेफ्टी ऑफिसर अभिनव कुमार.
NDTV
फिरोजपुर:

पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा में आए फूड सेफ्टी अफसर अभिनव कुमार के सस्पेंशन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. अभिनव कुमार को फिरोजपुर से सस्पेंड कर तरन तारन में मुख्यालय निर्धारित किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. लोग उनकी दोबारा फिरोजपुर में बहाली की मांग कर रहे हैं.

अभिनव कुमार पिछले कुछ समय से दूध डेयरियों, मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट्स, खाने-पीने के ठेलों और अन्य खाद्य कारोबारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे हैं. स्थानीय लोगों ने उन्हें ‘सिंघम' फूड अफसर तक कहना शुरू कर दिया था. 

लोगों का दावा है कि उनकी कार्रवाई से मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने में मदद मिली और आम लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में सख्ती दिखाई गई. हालांकि, अब उनके सस्पेंशन के बाद यह मामला स्थानीय स्तर पर विरोध का रूप ले चुका है.

'17 साल में 26वीं बार एक्शन'

अभिनव कुमार के मुताबिक, उनके खिलाफ पिछले 17 सालों में यह 26वीं कार्रवाई है, जिसमें सस्पेंशन और ट्रांसफर दोनों शामिल हैं. उनका कहना है कि उन्हें किसी स्पष्ट कारण के बिना सस्पेंड किया गया है.

अभिनव कुमार ने बातचीत में कहा, '17 साल में यह 26वीं बार एक्शन हुआ है, कभी सस्पेंशन तो कभी ट्रांसफर.'

उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्रवाई के दौरान उन्हें कथित तौर पर कई तरह के ऑफर दिए गए, लेकिन उन्होंने अपने काम में ईमानदारी बरतने को प्राथमिकता दी.

1 अक्टूबर को किया गया सस्पेंड

पंजाब फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की कमिश्नर आईएएस कंवलप्रीत बराड़ की ओर से 1 अक्टूबर को फिरोजपुर के सिविल सर्जन कार्यालय में तैनात फूड सेफ्टी अफसर अभिनव कुमार के सस्पेंशन का आदेश जारी किया गया.

आदेश के मुताबिक, अभिनव कुमार को पंजाब सिविल सर्विसेज नियमावली, 1970 के नियम 8 के तहत तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है. सस्पेंशन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सिविल सर्जन, तरन तारन निर्धारित किया गया है.

यह भी पढ़ेंः 'शुक्र है हम तुकाराम मुंढे के...' JW मैरियट में खाने की टेबल पर कॉकरोच, फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन ने शेयर किया VIDEO

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

सितंबर से लगातार सुर्खियों में थे अभिनव कुमार

फिरोजपुर में मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अभिनव कुमार सितंबर महीने से लगातार चर्चा में रहे. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जिले के शहरों, कस्बों और गांवों में खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की.

दूध और डेयरी उत्पादों से लेकर मिठाइयों, रेस्टोरेंट्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों तक की जांच और छापेमारी के चलते वह स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बने रहे. विभागीय कार्रवाई के दौरान नकली पनीर, दूध और कथित मिलावटी खाद्य सामग्री से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई की गई.

सस्पेंशन के बाद लोगों ने उठाई बहाली की मांग

अभिनव कुमार के सस्पेंशन की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने उनकी फिरोजपुर में दोबारा तैनाती की मांग उठानी शुरू कर दी. 

लोगों का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करने वाले अधिकारी को हटाए जाने से वे निराश हैं.

मामले को लेकर फिरोजपुर में अलग-अलग वर्गों से जुड़े लोगों ने बैठकें भी कीं. सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर अभियान चलाया जा रहा है और कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने अभिनव कुमार के समर्थन में आवाज़ उठाई है.

72 घंटे का अल्टीमेटम

अभिनव कुमार की बहाली की मांग को लेकर फिरोजपुर के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद 6 अक्टूबर को ‘फिरोजपुर लोक लहर' के कन्वीनर गुरनाम सिद्धू और एडवोकेट रोहित अरोड़ा ने 8 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया.

घोषणा के मुताबिक, 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे फिरोजपुर के एंट्री प्वाइंट चूंगी नंबर-7 को बंद किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य अभिनव कुमार की बहाली की मांग को सरकार तक पहुंचाना है.

चूंगी नंबर-7 पर प्रस्तावित बंद से फिरोजपुर से दिल्ली जाने वाले नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है. इसके अलावा फिरोजपुर-अमृतसर मार्ग पर भी असर पड़ सकता है. यदि यह बंद लंबे समय तक जारी रहता है, तो आम लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

(फिरोजपुर से सुनील कटारिया की रिपोर्ट)

ये वीडियो भी देखें- यूपी में मिठाई के नियम बदले! आप भी मिठाई खरीदने से पहले ये जरूर देखें!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News, Ferozpur News, Food Safety Officer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com