पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने एक युवक को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान रमणदीप सिंह उर्फ विक्की, पुत्र मंगल सिंह, निवासी के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी की i-20 कार की तलाशी के दौरान एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले के तार पुर्तगाल में बैठे डिंपल नाम के एक व्यक्ति से जुड़े होने की जानकारी मिली है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. पुलिस को जानकारी मिली थी कि पुर्तगाल में बैठा डिंपल एक शरारती तत्व है और वह पंजाब में पहले भी कई खेप डिलीवर करवा चुका है. इसके अलावा मौजूदा समय में भी उसने कुछ लोगों के जरिए खेप पहुंचाने का नेटवर्क बनाया हुआ है.
तलाशी में बरामद हुआ हैंड ग्रेनेड
पुलिस को सूचना मिली थी कि रमणदीप सिंह उर्फ विक्की i-20 कार में मुद्दल से अमृतसर की तरफ जा रहा है. इसके बाद पुलिस ने उसकी गाड़ी को रोक कर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया.
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर नंबर 73, दिनांक 10 नवंबर 2026 को दर्ज की है. इसमें विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5, बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, अदालत से आरोपी का दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है. अब जांच की जा रही है कि आरोपी को हैंड ग्रेनेड किसने दिया था और इसे आगे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था. फिलहाल यह सभी तथ्य जांच के अधीन हैं.
यह भी पढ़ें: भारत का वीजा सिस्टम बदला, अब विदेशी यात्रियों के लिए होगी आसान एंट्री, 13 की जगह 9 कैटेगरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं