पंजाब पुलिस को गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है. एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने केंद्रीय एजेंसियों और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) के साथ मिलकर अफ्रीकी देश इथियोपिया में छिपे गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी को भारत डिपोर्ट करवाया है. cm भगवंत मान के निर्देश पर चलाए गए 'गैंगस्टरां ते वार' अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. पंजाब पुलिस का दावा है कि यह पहली बार है जब किसी अफ्रीकी देश से पंजाब के वांछित अपराधी को डिपोर्ट करवाने में सफलता मिली है. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर आफरीदी को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया.
आफरीदी को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस ने करीब 10 महीने तक 'ऑपरेशन शहीद' चलाया. इस दौरान उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई और विभिन्न देशों की एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था. AGTF के स्पेशल डीजीपी प्रमोद बान और OFTEC के आईजी अशिष चौधरी की निगरानी में यह पूरा ऑपरेशन चलाया गया.
जांच में सामने आया कि गुरविंदर सिंह 31 मार्च 2025 को फर्जी पासपोर्ट के जरिए मुंबई से UAE फरार हुआ था. यह पासपोर्ट कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति की पहचान पर बनवाया गया था. UAE पहुंचने के बाद उसने इस्तांबुल के रास्ते मैक्सिको जाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका और वापस UAE भेज दिया गया. इसके बाद वह केन्या, अंगोला और अंततः इथियोपिया पहुंच गया. पंजाब पुलिस ने उसकी तलाश में रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था और इंटरपोल के सात रेफरेंस भी सक्रिय किए गए थे. आखिरकार 6 नवंबर 2026 को उसे इथियोपिया में हिरासत में लिया गया और भारत डिपोर्ट कर दिया गया.
पंजाब पुलिस के मुताबिक, आफरीदी के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट सहित 30 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं. वह आम आदमी पार्टी के सरपंच राजविंदर सिंह उर्फ राज तलवंडी, 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह, विक्की चुघ, जसवंत सिंह और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्या के मामलों में भी वांछित है. पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई हत्याकांडों, हथियारों की तस्करी, रंगदारी नेटवर्क और विदेश में बैठे अपराधियों के संपर्कों से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं. यह कार्रवाई विदेशों में छिपे अपराधियों के लिए भी कड़ा संदेश मानी जा रही है कि गंभीर अपराध करने के बाद देश छोड़ने पर भी कानून के शिकंजे से बचना आसान नहीं होगा.
पंजाब पुलिस के मुताबिक, आफरीदी पांच बड़े हत्याकांडों में आरोपी है
1. AAP सरपंच राजविंदर उर्फ राज तलवंडी की हत्या
अक्टूबर 2024 में आम आदमी पार्टी के सरपंच राजविंदर सिंह उर्फ राज तलवंडी की हत्या हुई थी. इस हत्याकांड में गुरविंदर आफरीदी वांछित है.
2. 12 साल के बच्चे गुरसेवक सिंह की हत्या
मार्च 2025 में 12 साल के बच्चे गुरसेवक सिंह की हत्या हुई थी. इस मामले में भी पुलिस को आफरीदी की तलाश थी.
3. विक्की चुघ की हत्या
मार्च 2025 में विक्की चुघ की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था.
4. जसवंत सिंह की हत्या
मई 2025 में जसवंत सिंह की हत्या हुई थी. पंजाब पुलिस इस मामले में भी आफरीदी को वांछित बता रही है.
5. कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्या
सितंबर 2025 में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गुरमेल सिंह की हत्या हुई थी. इस मामले में भी गुरविंदर सिंह उर्फ आफरीदी आरोपी है.
ये भी पढ़ें : सास इंदिरा गांधी से रिश्ते, संजय गांधी का सरकार में दखल, सोनिया गांधी ने बुक में किस-किस पर लिखा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं