अमृतसर के जंडियाला क्षेत्र के गांव अकाल गढ़ ढपइयां में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष के घर पर बड़ी संख्या में हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब 100 से 150 लोग अचानक गांव पहुंचे और एक घर को चारों ओर से घेर लिया. इसके बाद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया.
घर को घेरकर की गई फायरिंग
हमले में संदीप सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके पैर में गोली लगी है जबकि धारदार हथियारों के वार से भी उसे चोटें आई हैं. घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. परिवार का कहना है कि अगर समय रहते बचाव नहीं होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी.
खेती की जमीन और पुराना विवाद बना वजह
पीड़ित परिवार के सदस्य विशाल सिंह ने बताया कि उनके परिवार के पास ठेके पर 50 से 70 किल्ले खेतीबाड़ी की जमीन है. उनका आरोप है कि कुछ समय पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था. परिवार का कहना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते विरोधी पक्ष ने सुनियोजित ढंग से बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा किया और हमला कर दिया.
पिस्तौल, बंदूकें और धारदार हथियार लेकर पहुंचे हमलावर
पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमलावरों के पास 18 से 20 पिस्तौल, 12 बोर की बंदूकें, दातार और किरपान जैसे हथियार थे. आरोप है कि घर पहुंचते ही हमलावरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं. एक गोली संदीप सिंह की टांग में लगी जबकि 12 बोर के छर्रे भी चलाए गए. इसके अलावा धारदार हथियारों से हमला किया गया. परिवार का कहना है कि इस हिंसा में 6 से 7 लोग घायल हुए हैं.
अस्पताल पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह अपनी टीम और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हाल जाना और परिजनों से बातचीत की.
पुलिस बोली, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
हरपाल सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच दो गुटों के बीच झगड़े और फायरिंग की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में संदीप सिंह को गोली लगने और धारदार हथियार से चोट आने की पुष्टि हुई है. पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर रही है. बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है और अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें | भगवंत मान के पाकिस्तान वीजा वाले सवाल पर इस्लामाबाद ने कहा- 'अगर वे चाहें तो विचार करेंगे'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं