पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि यदि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान यहां आना चाहते हैं, तो वह उन्हें वीजा जारी करने पर विचार करेगा. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने अपनी साप्ताहिक प्रेसवार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के नेता की संभावित यात्रा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बात कही. खान ने कहा, ‘‘यदि भगवंत मान पाकिस्तान की यात्रा करना चाहते हैं, तो पाकिस्तान सरकार उन्हें वीजा जारी करने पर विचार करेगी.'' उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत सरकार मान को पाकिस्तान जाने की अनुमति देती है या नहीं, यह पूरी तरह अलग मामला है.
विश्व पंजाबी सम्मेलन के लिए मिला है न्योता
मालूम हो कि पंजाब के सीएम भगवंत मान ने 23 अक्टूबर को कहा था कि उन्हें 27 नवंबर को लाहौर में होने वाले 'विश्व पंजाबी सम्मेलन' में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. हालांकि, उन्होंने इस बात पर सवाल उठाया था कि क्या उन्हें पाकिस्तान जाने की अनुमति मिलेगी.
भगवंत मान के पाक दौरे पर सवाल
भगवंत मान के पाकिस्तान जाने की अनुमति का मामला केंद्र सरकार से जुड़ा है. पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर के कारण दोनों देशों का रिश्ता तल्खी के दौर में हैं. ऐसे में मान का पाकिस्तान दौरा सवाओं के घेरे में हैं. भारत सरकार की ओर इस मामले में अभी आधिकारिक तौर पर नहीं कहा गया है. लेकिन पाकिस्तान ने कहा कि यदि भगवंत मान पाकिस्तान आना चाहते हैं तो उनके वीजा पर हम विचार करेंगे.
करतारपुर साहिब दर्शन की भी जता चुके इच्छा
मान ने यह इच्छा भी जताई थी कि यदि करतारपुर गलियारा फिर से खुलता है तो पंजाब विधानसभा के सभी विधायक पाकिस्तान स्थित करतारपुर साहिब के दर्शन करने जाएं. भारत-पाक के बीच जारी तनातनी के कारण करतारपुर साहिब की यात्रा भी बंद है. लेकिन यहां जाना सिख समाज के हर शख्स का पवित्र सपना होता है.
यह भी पढ़ें - एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत, सीएम भगवंत मान ने बताया खेलों के लिए राज्य का पूरा प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं