विज्ञापन

'जब वो इटली में टॉफी बांट रहे थे...', राहुल गांधी का पीएम पर तंज, मांगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

राहुल गांधी ने कहा कि हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देते और देश में पेपर लीक रोकने के लिए एक मज़बूत और सुरक्षित सिस्टम नहीं बनता. यह लड़ाई हर उस छात्र के लिए है जिसका भविष्य इस नाकाम सरकार ने चुराया.

'जब वो इटली में टॉफी बांट रहे थे...', राहुल गांधी का पीएम पर तंज, मांगा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
  • राहुल गांधी ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं
  • जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, पुलिस से उनकी झड़प भी हुई
  • कांग्रेस ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और पेपर लीक रोकने के लिए सुरक्षित व्यवस्था बनाने को कहा
नई दिल्ली:

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी' का पेपर लीक होने को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रसाद पर निशाना साधा है. राजस्थान में कांग्रेस और छात्र इकाई एनएसयूआई के विरोध प्रदर्शन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफा देने और पेपर लीक को रोकने की सुरक्षित व्यवस्था बनने तक ये लड़ाई जारी रहेगी. राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि जब वो इटली में टॉफी बांट रहे थे, तो पेपर लीक से त्रस्त युवा सड़कों पर न्याय मांग रहे थे.

राहुल गांधी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा, ‘‘जब मोदी जी इटली में टॉफी खिलाते हुए reels बना रहे थे - पेपर लीक से त्रस्त भारत के युवा सड़कों पर न्याय मांग रहे थे. क्योंकि NEET Paper Leak ने लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया. कई बच्चों ने तो अपनी जान तक गंवा दी और मोदी जी ने न ज़िम्मेदारी ली, न धर्मेंद्र प्रधान को हटाया, न एक शब्द कहा."

उन्होंने कहा, "अब जब छात्र, NSUI और INC के कार्यकर्ता न्याय की आवाज उठा रहे हैं - BJP की प्रदेश सरकारें उन पर लाठियां बरसा रही हैं. जो सरकार छात्रों के सवालों का जवाब लाठी से देती है, वो जवाबदेही से नहीं - डर से चलती है. पर हम डरने वाले नहीं हैं. हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देते और देश में पेपर लीक रोकने के लिए एक मज़बूत और सुरक्षित सिस्टम नहीं बनता. यह लड़ाई हर उस छात्र के लिए है जिसका भविष्य इस नाकाम सरकार ने चुराया."

जयपुर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प

दरअसल जयपुर में गुरुवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. भाजपा मुख्यालय की ओर मार्च के दौरान पुलिस से उनकी झड़प भी हुई. इसकी अगुवाई राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कर रहे थे. कांग्रेसी नेताओं ने नीट में अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.

पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोटासरा को अपने कंधों पर उठा लिया. पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास विरोध जताते हुए पुलिस कमिश्नरेट के सामने सड़क पर ही बैठ गए. वहीं, जबकि पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी को पुलिसकर्मियों ने झड़प के दौरान पीछे धकेल दिया. विधायक मनीष यादव ने भी प्रदर्शनकारियों के साथ आगे बढ़ने के लिए पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर नीचे उतार दिया.

कांग्रेस का यह मार्च पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से शुरू हुआ और 'शहीद स्मारक' होते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ा. इस विरोध प्रदर्शन में महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. कुछ युवा तो विरोध करने के लिए नीट परीक्षार्थियों की वेशभूषा में भी आए.

इसे भी पढ़ें: 'आपदाओं का विभाग बन गया है शिक्षा मंत्रालय', राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान पर अब क्या कह दिया?

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, डोटासरा ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से नीट के पेपर लीक हो रहे हैं. लोगों का एनटीए से भरोसा उठ गया है, और इस संस्था को भंग कर देना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि '22 लाख छात्रों का भविष्य बर्बाद करने' के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने इस मामले में अदालत की निगरानी में जांच कराने की भी मांग की. डोटासरा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया और उनके इस्तीफे की मांग की.

इसे भी पढ़ें: NEET पेपर लीक को लेकर संसद की स्थायी समिति की बैठक, NTA डायरेक्टर से पूछे सीधे सवाल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, Rahul Gandhi, Education Minister Dharmendra Pradhan, Dharmendra Pradhan Resignation Demand, NEET Paper Leak Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com