विज्ञापन

25 वर्षों से बिना रुके राष्ट्रसेवा, हर दिन 16 से 18 घंटे काम; वडनगर में पीएम मोदी के जन्मदिन पर बोले अमित शाह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रवाना किया. 600 बाइक सवार सात राज्यों से गुजरते हुए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा का संदेश फैलाएंगे.

25 वर्षों से बिना रुके राष्ट्रसेवा, हर दिन 16 से 18 घंटे काम; वडनगर में पीएम मोदी के जन्मदिन पर बोले अमित शाह
PM मोदी के जन्मदिन पर वडनगर से वाराणसी तक निकली 600 बाइकों की रैली, अमित शाह बोले- 25 साल की सेवा का संदेश लेकर निकली यात्रा
NDTV
वडनगर:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुजरात के वडनगर में विशेष आयोजन किया गया. 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक बाइक रैली का शुभारंभ हुआ. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाएगी. उन्होंने कहा कि साधारण कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री तक का मोदी का सफर इस बात का उदाहरण है कि जब लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो तो कठिन से कठिन संकल्प भी पूरे किए जा सकते हैं.

वडनगर से निकली 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुजरात के वडनगर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई. यह रैली 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही है. अमित शाह ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनके पैतृक गांव उनकी जन्मभूमि पर आया हूं. आज मैं हटकेश्वर महादेव के चरणों में प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं.

600 बाइक सवार देंगे सेवा का संदेश

अमित शाह ने बताया कि यहां से जल्द ही एक यात्रा शुरू होने वाली है. 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत, यह यात्रा वडनगर से वाराणसी तक जाएगी. कुल 600 बाइकर्स 300 यहां से और 300 आज वाराणसी से सात राज्यों से गुजरेंगे और कई गांवों से होते हुए प्रधानमंत्री की 25 साल की सेवा का संदेश फैलाएंगे. देश की आज़ादी के बाद से, किसी भी अन्य राजनेता ने लगातार 25 वर्षों तक राज्य के नेता और राष्ट्रीय नेता के रूप में सेवा करने का रिकॉर्ड नहीं बनाया है.

मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का किया उल्लेख

गृह मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी का एक साधारण स्वयंसेवक से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री बनने तक का सफर राष्ट्रसेवा, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है. अमित शाह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों से बिना रुके राष्ट्रसेवा को समर्पित जीवन जिया है. उन्होंने एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली है। ऐसा कोई दिन नहीं बीता जब उन्होंने लगातार 16 से 18 घंटे काम न किया हो.

शाह ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से स्वयं को ‘प्रधान सेवक' कहा और इस प्रकार संविधान की वास्तविक भावना को साकार किया.

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता को कभी लक्ष्य नहीं माना, बल्कि गरीबों के कल्याण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम समझा. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता यह रही है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को हमेशा शासन और विकास की प्रक्रिया के केंद्र में रखा गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा नीति को लेकर बनी अनिश्चितता को समाप्त किया. उन्होंने सुशासन स्थापित कर और स्वच्छ प्रशासन सुनिश्चित करके अनियमितताओं, घोटालों और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का समाधान किया.

योजनाओं से बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी

शाह ने आगे कहा कि इसी अवधि में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80 करोड़ लोगों तक मकान, बिजली, नल से जल कनेक्शन, प्रति व्यक्ति हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज, 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, शौचालय और गैस सिलेंडर जैसी सुविधाएं सफलतापूर्वक पहुंचाई हैं.

गृह मंत्री ने कहा कि जब किसी गरीब परिवार को पक्का घर मिलता है, जब आयुष्मान कार्ड किसी परिवार की मदद करता है, तब सरकारी योजनाओं का वास्तविक प्रभाव दिखाई देता है.

उन्होंने कहा कि तीन तलाक से मुक्ति और नारी शक्ति वंदन अधिनियम ने महिलाओं में नया आत्मविश्वास पैदा किया है. वहीं स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और नई शिक्षा नीति ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं. अमित शाह के अनुसार करोड़ों लोगों के जीवन में आया यह बदलाव प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी पूंजी है.

आने वाले पीढ़ियों को संदेश

गृह मंत्री ने कहा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के जिस संकल्प को हम पूरा करना चाहते हैं, उसके लिए ऐसे अनगिनत युवाओं की जरूरत है जो आने वाली तीन पीढ़ियों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर अपना जीवन आगे बढ़ाएं और 'इंडिया फर्स्ट' के मंत्र को सफलतापूर्वक आत्मसात करें.

यह भी पढ़ें : हमारी दोस्ती कृष्ण-सुदामा जैसी... पीएम मोदी के बचपन के दोस्त ने सुनाई वडनगर की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Birthday, Amit Shah, Seva Sankalp Abhiyan, Narendra Modi 76th Birthday, Vadnagar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com