- सोहराबुद्दीन एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और बरी किए लोगों को नोटिस जारी किया है.
- आरोप है कि 2005 में गैंगस्टर सोहराबुद्दीन और पत्नी कौसर बी को फर्जी एनकाउंटर में मारा गया.
- CBI कोर्ट ने दिसंबर 2018 में सबूतों के अभाव में 22 आरोपियों को बरी किया था.
सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में 21 पुलिसकर्मियों सहित 22 आरोपियों को बरी करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई हुई. अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया है. सुप्रीम कोर्ट ने CBI और हाई कोर्ट से बरी किए गए 22 आरोपियों को नोटिस जारी किया है. 28 अक्टूबर को इस मामले पर अगली सुनवाई होगी. सोहराबुद्दीन शेख के भाई रूबाबुद्दीन शेख ने बाम्बे हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
कोर्ट ने क्या कहा?
92 गवाहों के मुकरने पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी की है. सीजेआई ने का, "वह कुछ महत्वपूर्ण गवाहों के बयानों की जांच करना चाहते हैं. पूरे रिकॉर्ड को तलब नहीं किया जा रहा है, बल्कि संबंधित पक्ष 3-4 ऐसे गवाहों के बयान पेश करें, जिन्हें वे सबसे अहम मानते हैं. कोर्ट आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले की जांच करेगी. हालांकि, आदेश के एक हिस्से, विशेष रूप से पैराग्राम 43 की समीक्षा अदालत नहीं करेगी.
CJI ने कहा कि अदालत इस मामले में सीमित रिकॉर्ड के आधार पर अहम पहलुओं की जांच करेगी और सभी दस्तावेजों को तलब करने की बजाय जरूरी गवाहों के बयानों पर ध्यान देगी.
पिछले साल हाई कोर्ट ने दिखाई थी हरी झंडी
7 मई 2026 को बाम्बे हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा था. बाम्बे हाईकोर्ट कोर्ट ने निचली अदालत द्वारा कुल 22 आरोपियों की रिहाई को सही ठहराया है. आरोप है कि साल 2005 में गैंगस्टर सोहराबुद्दीन शेख और पत्नी कौसर बी को फर्जी एनकाउंटर मे पुलिस ने मार दिया था. CBI कोर्ट ने दिसंबर 2018 में सबूतो के अभाव मे आरोपियों को बरी कर दिया था.
ये भी पढ़ें: सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर केस: 22 आरोपियों को बरी किए जाने को अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, HC ने किया था इनकार
हाई कोर्ट ने कहा कि इस आधार पर यह नतीजा नहीं निकाला जा सकता कि मुकदमे की सुनवाई ठीक से नहीं हो रही थी, भले ही अभियोजन पक्ष के 92 गवाह मुकर गए हों.
स्पेशल ट्रायल कोर्ट ने आरोपियों को बरी करते हुए कहा था कि अभियोजन पक्ष ऐसा कोई ठोस मामला पेश नहीं कर पाया, जिससे यह लगे कि सोहराबुद्दीन और दूसरों की हत्या की कोई साजिश रची गई थी और इसमें मौजूदा आरोपियों की कोई भूमिका थी. अप्रैल 2019 में शेख के भाइयों ने हाई कोर्ट में अपील दायर की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं