विज्ञापन

अकड़ की वजह से फेल हुई, डीएमके को दिया धोखा...बेंगलुरु में पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

पीएम मोदी ने बेंगलुरु में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अपनी हार के लिए दूसरों को दोष देती है और अंदरूनी कलह में उलझी रहती है. उन्होंने कर्नाटक और केरल की स्थिति का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर वादाखिलाफी और अस्थिर शासन का आरोप लगाया, साथ ही तमिलनाडु में डीएमके के साथ रिश्तों को लेकर भी बड़े सवाल उठाए.

अकड़ की वजह से फेल हुई, डीएमके को दिया धोखा...बेंगलुरु में पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला
पीएम मोदी ने बेंगलुरु में जनसभा को किया संबोधित
  • पीएम मोदी ने कांग्रेस पर चुनावी हार के लिए पूरी दुनिया को दोषी ठहराने और अकड़ दिखाने का आरोप लगाया
  • उन्होंने कांग्रेस पर तमिलनाडु में अपने सहयोगी डीएमके को धोखा देने और गठबंधन को तोड़ने का आरोप लगाया
  • मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें लंबे समय तक सत्ता में टिक नहीं पातीं और उनकी गारंटियां झूठी होती हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपनी चुनावी हार के लिए 'पूरी दुनिया' को दोषी ठहराती है और यह सब उसकी अकड़ की वजह से है. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने तमिलनाडु में अपने सहयोगी डीएमके को भी धोखा दिया है. बेंगलुरु में एचएएल एयरपोर्ट के पास एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जहां एक तरफ भाजपा चुनावी जीत हासिल कर रही है, वहीं कांग्रेस (जिसके पास करीब 40 साल पहले 400 से ज्यादा सीटें थीं) पिछले तीन लोकसभा चुनावों में 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है. हालांकि कांग्रेस और उसके समर्थकों की अकड़ इतनी ज्यादा है कि वे अपनी हार के लिए पूरी दुनिया को दोषी ठहराते हैं."

हार पर ‘दोषारोपण' की राजनीति

पीएम मोदी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, "वे संविधान, लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और अदालतों को दोषी ठहराते हैं. अपने राजनीतिक करियर में मैंने किसी भी मुख्यधारा की राजनीतिक पार्टी को ऐसा बर्ताव करते कभी नहीं देखा. वे हार में इतने गहरे डूब चुके हैं कि उनके पास अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के अलावा कोई और चारा ही नहीं बचा है." उन्होंने कहा, "भाजपा सरकारों के लिए लोगों का कल्याण ही सब कुछ है. 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. हमारा नारा है 'सबका कल्याण', और हमारा मॉडल है 'सुशासन'. यही वजह है कि लोग भाजपा को दूसरी और तीसरी बार भी अपनी सेवा करने का मौका दे रहे हैं."

ये भी पढ़ें : Breaking News Live: बेंगलुरु में PM मोदी ने आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नए ध्यान मंदिर का उद्घाटन किया

गारंटी और सुशासन पर सवाल

उन्होंने कहा, "राज्यों में कांग्रेस की सरकारें दूसरी बार सत्ता में वापस नहीं आ पातीं. सत्ता में आने के एक साल के अंदर ही उनके खिलाफ लोगों में नाराजगी शुरू हो जाती है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि कांग्रेस सिर्फ धोखा देना जानती है। उनकी 'गारंटियां' भी झूठी होती हैं. कांग्रेस पार्टी की किताब में 'सुशासन' नामक कोई अध्याय ही नहीं है." उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कर्नाटक में भी हम पिछले तीन सालों से यही देख रहे हैं. लोगों की समस्याओं को सुलझाने के बजाय, इस सरकार का ज्यादातर समय अपनी अंदरूनी कलह को सुलझाने में ही बीत गया. कोई नहीं कह सकता कि मुख्यमंत्री कब तक सत्ता में बने रहेंगे या किसी दूसरे नेता को मौका मिलेगा या नहीं, उनका भविष्य अनिश्चित बना हुआ है."

कर्नाटक सरकार पर निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ यही नहीं, मैंने देखा कि तमिलनाडु में चुनाव प्रक्रिया के दौरान दिल्ली में बैठा उनका इकोसिस्टम देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था. 4 मई को नतीजे आने के बाद भी अब तक केरल में सरकार नहीं बन सकी है. उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, "यह इकोसिस्टम केरल के मामले में चुप रहता है. उन्हें खुद नहीं पता कि उनके पास पांच साल के लिए दो मुख्यमंत्री होंगे या हर साल एक-एक करके पांच मुख्यमंत्री होंगे। वे किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहे हैं."

ये भी पढ़ें : शुभेंदु की शपथ में जिस बुजुर्ग के पीएम मोदी ने पैर छुए, वो कौन हैं? जानिए माखनलाल सरकार के बारे में

केरल‑इकोसिस्टम पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री ने कहा, "कांग्रेस अपने ही नेताओं से वादे करने के बाद उन्हें धोखा देती है. उन्होंने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में ऐसा ही किया. कर्नाटक में भी यही खेल चल रहा है और केरल में भी वे यही कर रहे हैं. हिमाचल प्रदेश में यह जानकर आपको हैरानी होगी कि वहां क्या हो रहा है. वे ऐसे मामलों को मीडिया में आने नहीं दे रहे हैं, वे अपने कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं.

हर राज्य में ‘धोखे' का आरोप

पीएम मोदी ने कहा, "तेलंगाना में भी हालात ऐसे हैं कि किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर किया जा रहा है. जहां भी कांग्रेस सत्ता में होती है, वहां या तो तुष्टीकरण की राजनीति के लिए सरकारी खजाने को लूटा जाता है या फिर लूटे हुए पैसे को लेकर आपस में झगड़ा होता है. कांग्रेस की पहचान एक धोखेबाज पार्टी के तौर पर बन गई है और इसीलिए, जब भी उसे मौका मिलता है, वह अपने ही नेताओं को धोखा देती है. इसलिए कहा जाता है कि ऐसा कोई नहीं है जिसे कांग्रेस ने धोखा न दिया हो. तमिलनाडु में कांग्रेस के डीएमके के साथ 30 सालों से मजबूत रिश्ते थे. डीएमके के साथ गठबंधन की वजह से ही कांग्रेस सत्ता में बनी रही."

DMK को लेकर बड़ा दावा

उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार डीएमके के समर्थन से ही चल पाई थी. लेकिन हुआ क्या? इतने लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों के बावजूद और डीएमके के हमेशा कांग्रेस पार्टी के हित में काम करने के बावजूद, जैसे ही सत्ता का पलड़ा बदला, कांग्रेस ने मौका मिलते ही डीएमके की पीठ में छुरा घोंप दिया.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
आईएएनएस
News agency
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Attack Congress, Modi Bengaluru Rally, Congress Criticism Modi, DMK Betrayal Claim, Congress Internal Conflict, Karnataka Politics Crisis, Kerala Government Delay, Modi Speech BJP, Congress Guarantees Questioned, BJP Vs Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com