- सपा ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत 11 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी नियुक्त किए हैं.
- पश्चिमी यूपी, रुहेलखंड और बुंदेलखंड के विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है.
- बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हाथरस, मथुरा, आगरा, शाहजहांपुर और जालौन की सीटें शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में पार्टी ने रविवार को 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 'एसएसआर-पीडीए विधानसभा प्रभारियों' की पहली सूची जारी की. पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर रुहेलखंड और बुंदेलखंड तक की विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की तैनाती के जरिए सपा ने चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और सामाजिक समीकरणों को साधने की दिशा में कदम बढ़ाया है. पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी सूची में अनुभवी नेताओं के साथ स्थानीय चेहरों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पश्चिमी यूपी के कई अहम सीटों पर तैनाती
खास बात यह है कि सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हाथरस और मथुरा के अलावा आगरा, शाहजहांपुर तथा जालौन की विधानसभा सीटों को शामिल किया गया है. सपा ने बागपत की बड़ौत विधानसभा सीट से सुखेंद्र तोमर को प्रभारी बनाया है. गाजियाबाद जिले की लोनी सीट की जिम्मेदारी अनिल कसाना और गाजियाबाद सीट की जिम्मेदारी अभिषेक गर्ग को सौंपी गई है. गौतमबुद्धनगर की नोएडा विधानसभा सीट से मुकेश शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया है.

इसी तरह हाथरस विधानसभा सीट से रामनारायण काके और सादाबाद से देवेंद्र अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई है. मथुरा की छाता विधानसभा सीट पर लोकमणि जादौन और मांट विधानसभा क्षेत्र में संजय लाठर को प्रभारी बनाया गया है. आगरा की बाह सीट से कृष्ण वर्मा निषाद, शाहजहांपुर की तिलहर सीट से रौशनलाल वर्मा और जालौन की कालपी विधानसभा सीट से श्रीराम पाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश
गौरतलब है कि सपा इससे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कुछ विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर चुकी है. ऐसे में 11 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति को पार्टी की चुनावी तैयारियों और क्षेत्रवार संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
पार्टी की इस पहल के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक पीडीए के सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिश है. अब आने वाले दिनों में अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी संगठनात्मक नियुक्तियों और चुनावी गतिविधियों पर नजर रहेगी.
यह भी पढे़ं - 'सपा का घोषणा पत्र झूठे वादों का पुलिंदा...', NDTV पर बोले सीएम योगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं