विज्ञापन
This Article is From May 27, 2023

जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि.'

जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी 59वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने ट्विटर हैंडल पर कहा, "मैं हमारे पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि देता हूं." भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जवाहरलाल नेहरू की प्रमुख भूमिका थी. 1947 में स्वतंत्रता के बाद वो भारत के पहले प्रधानमंत्री भी बने. भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त करने के लिए, जवाहरलाल नेहरू ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी. इसके साथ ही जवाहरलाल नेहरू भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के प्रमुख नेताओं में से एक थे.

27 मई, 1964 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री ने अंतिम सांस ली. नेहरू 1947 से 1964 को अपने निधन तक पीएम रहे. उन्हें बच्चों से बहुत लगाव था और बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे. कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया. खरगे और राहुल गांधी ने शांति वन जाकर नेहरू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट कर कहा, 'पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती. लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को दृढ़ता से आगे बढ़ाया. ‘हिन्द के जवाहर' को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि.' राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'पंडित जवाहरलाल नेहरू की विरासत बहुत बड़ी है. यह एक प्रकाश पुंज की तरह है जो भारत के विचार और स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता एवं आधुनिकता जैसे उन मूल्यों को प्रज्वलित करती है जिनके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया.'

उन्होंने कहा, ' उनके दृष्टिकोण और मूल्य हमारी चेतना एवं कदमों का मार्गदर्शन करते हैं.' कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'हम अपने पहले प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हैं. वह एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने अपनी आर्थिक नीतियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के जरिये देश को नई ऊंचाई प्रदान की.' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी नेहरू को श्रद्धांजलि दी.

ये भी पढ़ें : ममता बनर्जी ने एगरा में अवैध पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट के लिए लोगों से माफी मांगी

ये भी पढ़ें : PM मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक, नहीं पहुंचे 8 राज्यों के मुख्यमंत्री

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jawaharlal Nehru Death Anniversary, PM Modi, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com