विज्ञापन

असम मिनी बस हादसे में 26 लोगों की कैसे गई जान; डैशकैम में कैद हुआ मौत का मंजर; VIDEO

असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास NH-715 पर एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए.

काजीरंगा एक्सीडेंट का वीडियो आया सामने
NDTV
  • असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास मिनी बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर में 26 लोगों की मौत और 20 घायल हुए।
  • हादसे में कई छात्र शामिल थे, जो क्लास खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे और दुर्घटना का वीडियो डैशकैम में रिकॉर्ड
  • मिनी बस तेज गति से चल रही थी और अचानक लेन बदलकर कंटेनर ट्रक से टकराई, जिससे भयानक दुर्घटना हुई।

असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के निकट शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में महिलाओं और नाबालिगों समेत 26 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए. इस हादसे में कई छात्रों की मौत हो गई, जो क्लासेस खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे. टक्कर भयानक थी. इस हादसे का वीडियो ट्रक में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार में आ रही मिनी बस अचानक लेन चेंज करके ट्रक से टकरा जाती है. 

एक सीनियरअधिकारी ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब NH-715 पर कोहोरा रेंज स्थित हाथीकुली चाय बागान के निकट रंगाजान में बस की ट्रक से टक्कर हो गई.

26 लोगों की मौत

कोहोरा मॉडल अस्पताल के सीनियर डॉक्टर दीपम कुमार बर्मन ने कहा, ‘दुर्घटना में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है. एंबुलेंस से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया है और हम उनसे आंकड़े जुटा रहे हैं.'

इससे पहले विश्वनाथ में एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि दुर्घटना में कम से कम 24 लोगों की जान गई है और मृतकों में कॉलेज के छात्र भी शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई लोगों का बोकाखाट सिविल अस्पताल और जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. सीएम ने कहा, ‘मंत्री रानोज पेगू जल्द ही काजीरंगा जाएंगे और मैं भी कल वहां जाऊंगा.'

इससे पहले गोलाघाट जिले के एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने कहा था कि हादसे में मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है.

उन्होंने कहा, ‘घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहले से ही नौ एम्बुलेंस तैनात हैं. यहां के डॉक्टरों ने 20 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट भेजा है.'

उन्होंने बताया कि मृतकों में से 14 की पहचान ज्योति माझी, दर्पणा माझी, अनुराग गोआला (12 वर्षीय बालक), अब्दुल मुजीद (मिनी बस का चालक), सुभाष (मिनी बस का सहायक), राशिद अली, हफीजा खातून, फरहाना यास्मीन, के. आर. लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी करमाकर, दामिनी घटोवार और दीपांजलि के रूप में हुई है.

गोलाघाट से नगांव जा रही थी मिनी बस

पुलिस ने बताया कि मिनी बस गोलाघाट से नगांव जा रही थी, जबकि कंटेनर ट्रक ऊपरी असम की ओर जा रहा था. उन्होंने कहा था कि बस में सवार लोगों की सही संख्या का तत्काल पता नहीं चल पाया है.

असम के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री एवं स्थानीय विधायक अतुल बोरा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. बोरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से दुर्घटना के बारे में बात की है. उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, कल दिन में गोलाघाट के शहीद कुशल कोंवर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा.'

इससे पहले आई खबरों में कहा गया था कि पोस्टमार्टम रात में किया जा सकता है.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अधिकतर लोगों को बोकाखाट और गोलाघाट के सरकारी अस्पतालों तथा जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया.

कैसे हुआ हादसा?

उन्होंने कहा, ‘उद्यान के पास लागू गति प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए बस बहुत तेज गति से जा रही थी. हमारा मानना है कि यह दुर्घटना तब हुई, जब मिनीबस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह कंटेनर ट्रक से जा टकराई.'

असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने काजीरंगा में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि वह इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना से बेहद दुखी हैं, जिसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. राज्यपाल ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि काजीरंगा में हुए इस हादसे से वह बेहद दुखी हैं. उन्होंने कहा, ‘इस हादसे में हुए भारी नुकसान से हम सभी दुखी हैं और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें यह बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं. दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है.'

गोलाघाट जिला प्रशासन के अधिकारी ने कहा कि हादसा कैसे हुआ और क्या दोनों या किसी एक वाहन ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी. इसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था और क्या काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास तय गति सीमा का उल्लंघन किया गया था.

गोलाघाट जिला परिवहन कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल मिनी बस पहले भी कई बार यातायात नियमों का उल्लंघन कर चुकी थी और तेज गति से वाहन चलाने के कारण उस पर बार-बार जुर्माना लगाया गया था.

उन्होंने कहा, ‘वाहन नगांव के अंजीर अली के नाम पर पंजीकृत है. तीन मार्च को जोरहाट में 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने के लिए उस पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था. काजीरंगा में भी वाहन पर तेज गति से चलाने के लिए कई बार जुर्माना लगाया गया था और इनमें से कई जुर्माना राशि अभी बकाया हैं.'

यह भी पढ़ें | असम में बेटे की हैवानियत: पिता और दो भाइयों की हत्या, हमले में मां हुईं घायल, आरोपी गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Accident, Assam Accident Rescue, Assam News, Assam News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com