- देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में प्लंबर ने 300 रुपये के विवाद को लेकर बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या की
- आरोपी राजकुमार करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करता था और विवाद के बाद हमला किया
- वारदात में प्रयोग हुआ पेचकस पुलिस ने बरामद कर लिया है तथा बुजुर्ग महिला की सोने की चेन भी मिली है
उत्तराखंड के देहरादून में सिर्फ 300 रुपये के विवाद को लेकर ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक प्लंबर ने कथित तौर पर पेचकस से बुजुर्ग दंपती और घरेलू सहायिकाकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. मृतकों की पहचान 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और नौकरानी शीला के रूप में हुई है.
कातिल प्लंबर को बुजुर्ग दंपति ने ही बुलाया था!
देहरादून पुलिस के मुताबिक, प्लंबर राजकुमार पिछले करीब दो सालों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता था. मंगलवार को भी वह उनके बुलाने पर घर पहुंचा था. काम पूरा होने के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपती के बीच कहासुनी हो गई. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपने पास रखे पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले रजनी कपूर पर हमला किया. शोर सुनकर उनके पति रमेश कपूर मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी पेचकस से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.

हमला कर भाग रहे प्लंबर को पड़ोसी ने पकड़ा
इसी दौरान पड़ोस के घर में काम कर रही घरेलू सहायिका शीला आवाज सुनकर बुजुर्ग दंपती के घर पहुंची. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शीला पर भी पेचकस से कई वार किए, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गई. वारदात के बाद आरोपी वहां से भागने लगा. स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और महिला लहूलुहान हालत में मिले. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्लंबर के पास मिली बुजुर्ग की सोने की चेन
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पेचकस बरामद कर लिया है. आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बुजुर्ग महिला की सोने की चेन भी बरामद की गई है. घटना की सूचना मिलते ही देहरादून के एसएसपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है. फुटेज में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की तरफ अकेला जाता हुआ दिखाई दे रहा है. पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.

ये भी पढ़ें:- हादसा नहीं हत्या; प्रॉपर्टी विवाद में 83 वर्षीय दादा ने 33 साल के पोते को मारी गोली, फिर परिवार ने रची साजिश
पूछताछ में आरोपी प्लंबर ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करता था. मंगलवार को काम पूरा करने के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर बुजुर्ग दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी पर भी उसने हमला किया.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें :- सीतामढ़ी: प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव मर्डर केस के 3 आरोपियों का हाफ एनकाउंटर, 3 पिस्टल और गोलियों से भरा बैग जब्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं