हरियाणा के पलवल शहर से वल्लभगढ़ तक मेट्रो परियोजना को मंजूरी मिल गई है. हरियाणा सरकार ने 28 किमी लंबे रूट में 10 स्टेशनों वाली बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट को हरी झंडी दी है. इसे केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को आखिरी मंजूरी के लिए भेजा गया है. हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (HMRTC) की मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अगुवाई में बोर्ड बैठक में यह निर्णय हुआ. गुरुग्राम-नोएडा नमो भारत कॉरिडोर पर भी हरियाणा सरकार ने गुड न्यूज दी है. यह दिल्ली से गुजरे बिना दक्षिणी हरियाणा के शहरों को जेवर एयरपोर्ट और ग्रेटर नोएडा तक कनेक्टिविटी देगी.
पलवल-बल्लभगढ़ मेट्रो विस्तार परियोजना क्या है
पलवल-बल्लभगढ़ मेट्रो विस्तार परियोजना दक्षिण हरियाणा की दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच आसान होगी. यह दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन के आखिरी स्टेशन राजा नाहर सिंह बल्लभगढ़ से पलवल तक सीधी कनेक्टिविटी देगी. नेशनल हाईवे19 (पुराना NH-2) पर दिल्ली-आगरा हाईवे के समानांतर ये मेट्रो लाइन चलेगी. पलवल मिनी सेक्रेटेरिएट, ओमैक्स सिटी के साथ कुसलीपुर तक कनेक्टिविटी के लिए केएमपी-केजीपी इंटरचेंज के आखिरी स्टेशन को जिला मिनी सचिवालय और केएमपी-केजीपी एक्सप्रेसवे इंटरचेंज तक ले जाने का प्रस्ताव है.
- 24 से 28 किलोमीटर का एलिवेटेड रूट
- 4320 से 4500 करोड़ रुपये का बजट
- 10 से 13 नए एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित
वल्लभगढ़-पलवल मेट्रो स्टेशनों की सूची
1. सेक्टर 58-59 (झाड़सेंतली): बल्लभगढ़ के बाद पहला स्टेशन
2. सीकरी: औद्योगिक और आवासीय इलाका
3. सोफ्ता: इंडस्ट्रियल ग्रामीण बेल्ट
4. पृथला: मैन्युफैक्चरिंग, टेक्सटाइल और अपैरल क्लस्टर
5. बघौला: लॉजिस्टिक्स सेंटर
6. आल्हापुर
7. दिल्ली गेट
8. पलवल बस स्टैंड
9. आगरा चौक
10. पलवल मिनी सेक्रेटेरिएट
KMP एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
वल्लभगढ़-पलवल मेट्रो के आखिरी स्टेशन (कुसलीपुर/अटोहां चौक) को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (KGP) ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के मेन इंटरचेंज से कनेक्ट किया जाएगा. सोहना, गुरुग्राम, मानेसर, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के यात्रियों को सीधे पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी. यह मेट्रो लाइन पलवल में बन रहे हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर से भी जुड़ेगी. पलवल से मानेसर, सोनीपत, पातली की सीधी रेल कनेक्टिविटी होगी.
ये भी पढ़ें - दिल्ली मेट्रो के गोल्डन लाइन रूट से IGI एयरपोर्ट को मिलेगी रफ्तार, साकेत-छतरपुर से वसंत कुंज-एरो सिटी तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
नमो भारत रूट से कनेक्टिविटी
हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से एनसीआरटीसी (NCRTC) 60 किमी के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल नमो भारत कॉरिडोर की तैयारी भी चल रही है.
ये रैपिड रेल (RRTS) सराय काले खां से होकर पलवल तक आएगी. फरीदाबाद में बाटा चौक इस रैपिड रेल नेटवर्क का सबसे बड़ा मल्टीमॉडल हब बनेगा. दिल्ली मेट्रो, नमो भारत और गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो-रैपिड रेल भी जुड़ेगी. जेवर के नोएडा एयरपोर्ट तक भी पलवल, वल्लभगढ़ समेत पूरे हरियाणा की पहुंच होगी. इसके लिए पलवल से नोएडा एयरपोर्ट के लिए 31 किमी का ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे बन रहा है. गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा रैपिड रेल से भी पलवल के लोग बिना दिल्ली से गुजरे नोएडा एयरपोर्ट या गुरुग्राम जा पाएंगे.
पलवल की दिल्ली मेट्रो से कनेक्टिविटी
- कालकाजी मंदिर मजेंटा लाइन: IGI एयरपोर्ट, वसंत कुंज और नोएडा बॉटनिकल गार्डन
- लाजपत नगर पिंक लाइन : दिल्ली रिंग रोड, सराय काले खां, आनंद विहार, नेताजी सुभाष प्लेस
- केंद्रीय सचिवालय,मंडी हाउस: येलो लाइन और ब्लू लाइन से राजीव चौक, आईटीओ, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, द्वारका, नोएडा-वैशाली तक
- कश्मीरी गेट रेड और येलो लाइन: अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT), नार्थ दिल्ली, जीटीबी नगर और समयपुर बादली रूट
पलवल-बल्लभगढ़ मेट्रो का फायदा
पलवल-बल्लभगढ़ मेट्रो नेशनल हाईवे-19 पर भारी ट्रैफिक जाम दूर करेगी. यह दक्षिण हरियाणा के इंडस्ट्रियल हब जैसे पृथला और सीकरी को सीधे दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट मेट्रो-नमो भारत ग्रिड से कनेक्ट करने वाला लाइफलाइन कॉरिडोर बनेगा. यह विस्तार दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन का ही हिस्सा होगा, जिससे पलवल सीधे पूरे दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा.
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम में सोहना रोड पर 4KM लंबा एलिवेटेड रोड, द्वारका से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक होगी हाईस्पीड कनेक्टिविटी
दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर में 4 स्टेशन जुड़ेंगे
136 किलोमीटर लंबे दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर परियोजना को भी विस्तार देने का प्रस्ताव है. इस कॉरिडोर पर 17 स्टेशन का अभी प्रस्ताव है. लेकिन चार और स्टेशन जोड़ने का प्रस्ताव है. 33500 करोड़ रुपये की इस परियोजना में दिल्ली के सराय काले खां से पानीपत और करनाल जैसे औद्योगिक शहरों को जोड़ा जा सकता है. गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कॉरिडोर पर भी चर्चा हुई. इससे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बड़े शहरों के बीच 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रैपिड रेल दौड़ेगी. गुरुग्राम और फरीदाबाद में रूट अलाइनमेंट और स्टेशनों को फाइनल किया जा चुका है और डीपीआर संबंधित एजेंसियों को भेजी गई है.
गुरुग्राम-पंचगांव मेट्रो कॉरिडोर परियोजना भी पाइपलाइन में
गुरुग्राम सेक्टर-56 से पंचगांव तक मेट्रो कॉरिडोर परियोजना को भी मंजूरी मिल सकती है. 35.25 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर 28 मेट्रो स्टेशन होंगे. इसका मकसद गुरुग्राम और पंचगांव की कनेक्टिविटी को मजबूत करना है. पंचगांव में नमो भारत कॉरिडोर भी होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं