विज्ञापन

दिल्ली मेट्रो के गोल्डन लाइन रूट से IGI एयरपोर्ट को मिलेगी रफ्तार, साकेत-छतरपुर से वसंत कुंज-एरो सिटी तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी

दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन एक्सटेंशन का काम तेजी से चल रहा है, जो दक्षिण दिल्ली के इलाकों को आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 तक पहुंचाएगी. इससे दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के साथ नोएडा के यात्री भी तेजी से हवाई अड्डे तक पहुंच पाएंगे.

दिल्ली मेट्रो के गोल्डन लाइन रूट से IGI एयरपोर्ट को मिलेगी रफ्तार, साकेत-छतरपुर से वसंत कुंज-एरो सिटी तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
Delhi Metro Golden Line
नई दिल्ली:

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरटेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली मेट्रो के कई रूट से जोड़ने की तैयारी है. इसमें सबसे प्रमुख गोल्डन लाइन है. दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण में साउथ दिल्ली को आईजीआई एयरपोर्ट से सीधे जोड़ने के लिए गोल्डन लाइन रूट का निर्माण चल रहा है. ये लाइन साउथ दिल्ली के तुगलकाबाद से होकर साकेत, छतरपुर और वसंत कुंज होते हुए एरोसिटी तक आएगी. दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 और टर्मिनल 2 को जोड़ने के लिए गोल्डन लाइन के एरोसिटी स्टेशन से टर्मिनल 1 तक एक्सटेंशन की तैयारी है. विदेशी यात्री T3 पर उतरकर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से एरोसिटी पहुंच सकेंगे. यहां से सीधे गोल्डन लाइन के जरिये 7 से 10 मिनट में T1 से T3 पहुंच सकेंगे. दिल्ली एयरपोर्ट के तीनों टर्मिनल और एरोसिटी के बीच आवाजाही के लिए एयर ट्रेन भी चलाने का प्रस्ताव है.

23.62 किलोमीटर लंबा रूट वायलेट लाइन, येलो लाइन को सीधे एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और घरेलू टर्मिनल 1 को मैजेंटा लाइन से जोड़ेगा. इससे साउथ ईस्ट दिल्ली के यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए बार-बार मेट्रो बदलने या धौला कुआं होकर लंबा चक्कर की जरूरत नहीं होगी.

दिल्ली मेट्रो गोल्डन लाइन का रूट 

1. तुगलकाबाद 
2. तुगलकाबाद रेलवे कॉलोनी 
3. आनंदमयी मार्ग 
4. तिगड़ी 
5. खानपुर 
6. अंबेडकर नगर 
7. साकेत जी-ब्लॉक 
8. साकेत 
9. नेब सराय 
10.इग्नू 
11.छतरपुर 
12.छतरपुर मंदिर 
13.किशनगढ़ 
14.वसंत कुंज 
15.दिल्ली एरोसिटी 

एयर ट्रेन 2030 तक चलेगी

दिल्ली एयरपोर्ट के अंदर दिल्ली मेट्रो की जगह एक इंटरनल पैसेंजर मूवर ट्रेन चलाने की तैयारी है. यह टर्मिनल 1, एरोसिटी, टर्मिनल 2 और टर्मिनल 3 को आपस में जोड़ेगी. ये मैजेंटा और एयरपोर्ट एक्सप्रेस की मेट्रो लाइनों के बीच भी कनेक्टिविटी का काम करेगी. दिल्ली एयरपोर्ट में 2030 तक 3500 करोड़ रुपये का ट्रांजिट सिस्टम बनेगा. इस ऑटोमेटेड पीपल मूवर (APM) से सभी टर्मिनल आपस में जुड़ेंगे. भीड़भाड़ कम होगी और यात्रियों की क्षमता बढ़कर 12.5 करोड़ हो जाएगी. इसका 7.3 किलोमीटर लंबा APM सिस्टम तीनों टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, एयरोसिटी और दिल्ली मेट्रो को आपस में जोड़ेगा. इससे यात्रियों के लिए एयरपोर्ट के अंदर और वहां से शहर के अंदरूनी इलाकों तक आवाजाही आसान होगी.

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली एयरपोर्ट के अंदर आवाजाही आसान

यह दिल्ली के मास्टर प्लान का भी हिस्सा है. APM आम तौर पर एक ड्राइवर लेस (बिना ड्राइवर वाला) ट्रांजिट सिस्टम है. यह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अंदर और आसपास भीड़ घटाने में मदद करेगा.मेट्रो जैसा ये ट्रांजिट सिस्टम छह स्टेशनों को जोड़ेगा, इससे T1 और T3 टर्मिनल के बीच यात्रा का समय लगभग 13 मिनट होगा. T2 और T3 आसपास हैं. T1 कुछ किलोमीटर दूर है. अभी यात्री T3 पर उतरने के बाद अगर T1 से दूसरी उड़ान भरना चाहते हैं तो उन्हें टर्मिनल तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ती है.

सुपर इंटरचेंज स्टेशन बनेगा

ये गोल्डन लाइन दिल्ली मेट्रो के तीन बड़े कॉरिडोर को एक साथ जोड़कर यात्रा समय आधा कर देगी. तुगलकाबाद स्टेशन पर यात्री फरीदाबाद या कश्मीरी गेट की वायलेट लाइन से इंटरचेंज कर पाएंगे. छतरपुर मेट्रो स्टेशन पर गुरुग्राम या समयपुर बादली की येलो लाइन से इंटरचेंज हो सकेगा.एरोसिटी मेट्रो स्टेशन पर यात्री सीधे एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से टर्मिनल 3 पहुंचेंगे. पिंक और मैजेंटा लाइन की तरह गोल्डन लाइन पर भी ड्राइवरलेस ट्रेनें चलाई जाएंगी.

दिल्ली मेट्रो गोल्डन लाइन का कितना काम

साकेत, छतरपुर और वसंत कुंज के घने आबादी वाले इलाकों के नीचे भूमिगत सुरंगों को खोदने का काम चल रहा है. एरोसिटी स्टेशन बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनेगा, जहां से भविष्य में नमो भारत रैपिड रेल भी कनेक्ट होगी. 2027 के मध्य तक गोल्डन लाइन मेट्रो चालू हो पाएगी. इससे दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के हवाई यात्रियों को हाईस्पीड कनेक्टिविटी एयरपोर्ट तक मिलेगी. 

ये भी पढ़ें - दिल्ली का पहला डबलडेकर मेट्रो फ्लाईओवर तैयार, यमुना विहार-भजनपुरा से वजीराबाद सिग्नेचर ब्रिज तक कनेक्टिविटी

दिल्ली मेट्रो के मौजूदा रूट

आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल (T1, T2 और T3) को मेट्रो लाइनों से कनेक्ट किया जाएगा. अभी दिल्ली मेट्रो की ऑरेंज लाइन टर्मिनल टर्मिनल 3 को जोड़ती है.यह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शिवाजी स्टेडियम, धौला कुआं और एरोसिटी होते हुए सीधे टर्मिनल 3 पहुंचती है. वहां से द्वारका सेक्टर-21 और यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 तक जाती है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट टर्मिनल 3 का रूट 20 मिनट में पूरा होता है.दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन को टर्मिनल 1 से जोड़ा गया है. जनकपुरी वेस्ट से बॉटनिकल गार्डन तक ये लाइन चलती है. इस लाइन पर T1 नाम का अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन है. सबवे और ट्रैवलर के जरिये स्टेशन से सीधे टर्मिनल 1 यात्री पहुंचते हैं. यह लाइन कालकाजी मंदिर, हौज खास और जनकपुरी वेस्ट से यात्रियों को सीधे टर्मिनल 1 से जोड़ती है.

ये भी पढ़ें - दिल्ली मेट्रो गोल्डन लाइन: 23 KM में 15 स्टेशन, एयरोसिटी से तुगलकाबाद, संगम विहार, फरीदाबाद तक कनेक्टिविटी
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro, Delhi Metro Golden Line, Delhi Metro Golden Line Route, IGI Airport, Aerocity
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com