- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित एक बड़े आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है.
- गिरोह पाकिस्तान से अवैध हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थ मंगाकर पंजाब के रास्ते दिल्ली-NCR में सप्लाई करता था.
- स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर दिल्ली-NCR में बड़ी वारदातों की साजिश रच रहे हैं.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित एक बड़े आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. साथ ही पुलिस को इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार करने में भी कामयाबी मिली है. यह सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे शाहजाद भट्टी और उसके साथी अजमल गुज्जर के इशारे पर काम कर रहे थे. साथ ही आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार भी मिले हैं.
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते अवैध हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थ मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, 7 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है.

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जाल में फंसाया
जांच में पता चला कि गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने जाल में फंसाता था. उन्हें जल्दी पैसा कमाने और अपराध की दुनिया की चमक-दमक दिखाकर भर्ती किया जाता था. इसके बाद उन्हें हथियारों और नशे की तस्करी जैसे कामों में लगाया जाता था.
स्पेशल सेल को मई 2026 में सूचना मिली थी कि शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर दिल्ली-एनसीआर में कुछ बड़ी वारदातों की साजिश रच रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर मोहित उर्फ योगी को गिरफ्तार किया. उसके पास से अवैध हथियार और पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से संपर्क के सबूत मिले.
ये भी पढ़ें: अब यूट्यूब-इंस्टाग्राम की कमाई पर भी टैक्स! पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला

दिल्ली के आसपास के इलाकों में कर रहे थे रेकी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के कई महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर रहे थे.
इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजे जा रहे थे. पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर कई संभावित आतंकी हमलों को टाल दिया गया.
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे जा रहे थे हथियार
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजे गए हथियार और नशीले पदार्थों की खेप पंजाब से उठाकर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाते थे।
इस नेटवर्क में शामिल कुछ आरोपियों पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं.
दिल्ली पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपियों, हथियार सप्लायरों और फंडिंग करने वाले लोगों की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
ये आरोपी गिरफ्तार
1. अनस उर्फ अनस त्यागी (26 वर्ष)
निवासी - 25 फूटा रोड, अशोक विहार, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश).
इसके खिलाफ पहले से 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं. जांच में पता चला है कि नवंबर 2025 से इसका पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर और शाहजाद भट्टी से सैकड़ों बार संपर्क हुआ था.
2. मोहित उर्फ योगी (26 वर्ष)
निवासी - सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश).
पुलिस के अनुसार, नवंबर 2025 से इसका पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर से हजारों बार संपर्क हुआ था.
3. दीपक उर्फ दीपक अग्रोला (38 वर्ष)
निवासी - गांव अग्रोला, ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश).
इसके खिलाफ हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं. मार्च 2026 से इसका पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर और शाहजाद भट्टी से 100 से ज्यादा बार संपर्क हुआ था.
4. आरिफ उर्फ प्रधान (30 वर्ष)
निवासी - गांव चिरोड़ी, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश).
इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं. यह भी पाकिस्तान में बैठे अजमल गुज्जर के सीधे संपर्क में था.
5. करणवीर सिंह (26 वर्ष)
निवासी - गांव छलैरी कलां, फतेहगढ़ साहिब (पंजाब).
इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है. जांच में सामने आया कि यह भी अजमल गुज्जर के संपर्क में था.
6. जतन (29 वर्ष)
निवासी - मकान नंबर 85, गांव अग्रोला, ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश).
इसके खिलाफ हत्या के प्रयास के 2 मामले दर्ज हैं.
7. साबिर (30 वर्ष)
निवासी - गांव चिरोड़ी, लोनी, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश).
इसे भी इस मॉड्यूल में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं