विज्ञापन

अब यूट्यूब-इंस्टाग्राम की कमाई पर भी टैक्स! पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला

पाकिस्तान की सीनेट की एक समिति ने सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.

अब यूट्यूब-इंस्टाग्राम की कमाई पर भी टैक्स! पाकिस्तान सरकार का बड़ा फैसला
पाकिस्तान में अब यूट्यूब-इंस्टाग्राम की कमाई पर भी टैक्स (फोटो- NDTV)
  • पाकिस्तान संसद की एक समिति ने सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर 5% टैक्स लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी
  • टैक्स सिर्फ पाकिस्तान के कंटेंट क्रिएटर्स के लिए नहीं बल्कि विदेशी क्रिएटर्स के लिए लागू करने की बात कही गई है
  • सोशल मीडिया से 6 लाख से 12 लाख पाकिस्तानी रुपये के बीच की कमाई पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा

पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाकर कमाई करने वालों पर अब सरकार टैक्स लगाने की तैयारी कर रही हैं. पड़ोसी देश में यूट्यूबर, इन्फ्लुएंसर और दूसरे डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की बढ़ती कमाई को देखते हुए शहबाज सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की संसद की एक समिति ने सोशल मीडिया से होने वाली कमाई पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब सोशल मीडिया सिर्फ बातचीत का माध्यम नहीं रह गया, बल्कि लाखों लोगों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है. हालांकि इस प्रस्ताव का विरोध भी हो रहा है.

खास बात है कि यह टैक्स सिर्फ पाकिस्तान के कंटेंट क्रिएटर्स के लिए नहीं बल्कि विदेशी क्रिएटर्स के लिए लागू करने की बात कही गई है. यानी अगर आपका वीडियो पाकिस्तान में चलता है और आपको कमाई होती है तो पाक सरकार टैक्स वसूल सकती है. अब यह कैसे किया जाएगा, यह तो कानून पास होने के बाद ही पता चलेगा. 

पाकिस्तान में क्या फैसला लिया गया?

इस रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की सीनेट की फाइनेंस से जुड़ी स्थायी समिति ने वित्त विधेयक 2026 के तहत सोशल मीडिया से होने वाली कमाई को टैक्स के दायरे में लाने के प्रस्ताव पर चर्चा की. समिति ने चर्चा के बाद इस टैक्स व्यवस्था को मंजूरी भी दे दी. बता दें कि पाकिस्तान में बड़ी संख्या में कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर और ऑनलाइन कारोबार करने वाले लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए हर साल लाखों रुपये कमा रहे हैं. इनकम का बड़ा हिस्सा प्लेटफॉर्म मॉनेटाइजेशन, एडवर्टाइजमेंट और ऑडियंस एंगेजमेंट से आता है.

इस प्रस्ताव के अनुसार, सालाना 6 लाख पाकिस्तानी रुपये तक की सोशल मीडिया कमाई पर कोई टैक्स नहीं लगेगा. वहीं 6 लाख से 12 लाख पाकिस्तानी रुपये के बीच की कमाई पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा.

प्रस्ताव के खिलाफ भी उठ रही आवाज

इस रिपोर्ट के अनुसार समिति के कुछ सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर चिंता भी जताई है. उनका कहना था कि ज्यादा टैक्स लगाने से विदेशों से आने वाली कमाई प्रभावित हो सकती है. सलीम मंडवीवाला ने कहा कि इससे डिजिटल कमाई करने वालों का उत्साह कम हो सकता है. वहीं सीनेटर अब्दुल कादिर ने तर्क दिया कि विदेशी डिजिटल प्लेटफॉर्म से कमाई करने वालों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, उन पर ज्यादा बोझ नहीं डालना चाहिए.

आलोचनाओं के जवाब में पाकिस्तान सरकार ने कहा कि सोशल मीडिया से होने वाली आय को भी दूसरी कमाई की तरह ही टैक्स के दायरे में माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “हम सिर्फ सोशल मीडिया से होने वाली कमाई में अपना हिस्सा मांग रहे हैं.”

यह भी पढ़ें: आसमान से सीधे सड़क पर आ गिरा पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट, पलक झपकने से पहले निकली आग; देखें वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Social Media, Social Media Earning
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com