विज्ञापन

ISI के स्लीपर सेल बने पति-पत्नी अरेस्ट, साहिल और समीरा कौन सी जानकारियां भेज रहे थे पाकिस्तान

दिल्ली में एक दंपति पर पाकिस्तानी हैंडलर्स को भारतीय सिम कार्ड पहुंचाने, संवेदनशील जानकारी जुटाने और नेटवर्क विस्तार में मदद करने का आरोप है.

ISI के स्लीपर सेल बने पति-पत्नी अरेस्ट, साहिल और समीरा कौन सी जानकारियां भेज रहे थे पाकिस्तान
दिल्ली पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार हुए हैं.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित जासूसी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए दिल्ली के एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक दोनों वर्ष 2024 से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में थे और उनके लिए काम कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा के रूप में हुई है. जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को लॉजिस्टिक सपोर्ट देने के साथ-साथ भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध करा रहे थे.

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर मिला जासूसी का टास्क

स्पेशल सेल के अनुसार साहिल की साल 2024 में एक दोस्त के जरिए इंस्टाग्राम पर एक पाकिस्तानी एजेंट से पहचान हुई थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात समीरा से हुई और बाद में दोनों ने शादी कर ली. पुलिस का कहना है कि बाद में पाकिस्तानी एजेंट ने दोनों को एक इंटेलिजेंस ऑपरेटिव से मिलवाया. धीरे-धीरे दोनों को अपने भरोसे में लिया गया और कथित तौर पर जासूसी नेटवर्क के लिए काम करने को तैयार किया गया. इसके बदले उन्हें पैसों का लालच दिया गया.

दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजे गए 8 भारतीय सिम कार्ड

जांच में सामने आया है कि साहिल और समीरा ने 2024 और 2025 के दौरान कुल आठ भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेजे. पुलिस के अनुसार इन सिम कार्डों को दुबई के रास्ते पाकिस्तान पहुंचाया गया. बताया गया है कि इसके बदले दोनों को करीब 30 हजार रुपये मिले थे. पाकिस्तान पहुंचने के बाद इन नंबरों पर व्हाट्सऐप अकाउंट सक्रिय किए गए और उनका इस्तेमाल भारत से जुड़ी जानकारी जुटाने में किया गया.

व्हाट्सऐप ग्रुप्स में घुसपैठ कर जुटाई जा रही थी जानकारी

पुलिस के मुताबिक पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स ने भारतीय नंबरों के जरिए कुछ भारतीय व्हाट्सऐप ग्रुप्स में प्रवेश किया. वहां से जानकारी जुटाने के अलावा भारतीय नागरिकों से संपर्क कर संवेदनशील सूचनाएं हासिल करने की कोशिश भी की गई. स्पेशल सेल का कहना है कि भारतीय सिम कार्डों का इस्तेमाल भारत में मौजूद संपर्कों तक पहुंच बनाने और सूचना नेटवर्क तैयार करने के लिए किया जा रहा था.

कैंटोनमेंट इलाकों की रेकी के लिए लोगों की भर्ती का आरोप

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि साहिल को देश के विभिन्न कैंटोनमेंट क्षेत्रों की रेकी के लिए लोगों की भर्ती करने का काम सौंपा गया था. इसके अलावा उसे ऐसे सैन्य कर्मियों और अधिकारियों से जुड़ी जानकारी जुटाने का टास्क दिया गया था जिनके कोर्ट मार्शल से जुड़े मामले विभिन्न ट्रिब्यूनल में लंबित हैं. पुलिस का दावा है कि साहिल को नेटवर्क में नए लोगों को जोड़ने और फील्ड ऑपरेशन के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई थी.

मोबाइल फोन से मिले अहम सुराग

स्पेशल सेल ने साहिल को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से गिरफ्तार किया. उसके मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ कथित बातचीत मिलने की बात कही गई है. साहिल से पूछताछ के बाद समीरा की भूमिका सामने आई. पुलिस के मुताबिक भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध कराने में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण थी. इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल सबूत मिलने का दावा किया गया है.

कौन हैं साहिल और समीरा?

मोहम्मद साहिल का जन्म 2001 में हुआ था. उसने IGNOU से बीए की पढ़ाई की थी और बाद में एक वकील के साथ काम करते हुए एलएलबी की तैयारी कर रहा था. जून 2025 में नौकरी छोड़ने के बाद वह बेरोजगार था. वहीं समीरा का जन्म 2005 में हुआ था. उसने 12वीं के बाद पत्राचार माध्यम से बीए किया और गिरफ्तारी से पहले नोएडा के एक कॉल सेंटर में नौकरी कर रही थी.

पुलिस का कहना है कि समय रहते इस मॉड्यूल की गतिविधियों को रोक दिया गया. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हैं, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स कौन हैं और भारत में उनके अन्य सहयोगियों की क्या भूमिका रही है.

यह भी पढ़ें- भारत ने बनाया इतिहास का सबसे लंबा सरफेस टू एयर किल, S-400 के लिए पाकिस्तान ने लगाए जासूस: एयर मार्शल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ISI Espionage Module, Delhi Police Special Cell, Pakistan Spy Network India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com