भारतीय जनता पार्टी की मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं. यह बात बीजेपी के सांसद संबित पात्रा ने दिल्ली मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के विरोध में इंडिया गठबंधन आज दिल्ली में संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च करने वाला है. उससे पहले संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा 'समय-समय पर भारतीय सेना, भारत के सुप्रीम कोर्ट, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), भारतीय हिंदुओं और EVM पर हमले किए गए हैं. पिछले कई हफ्तों और महीनों से चुनाव आयोग पर भी हमले हो रहे हैं. हमें लगता है कि चुनाव आयोग का इस्तेमाल करके कांग्रेस आज भी अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करेगी.
'हमारी मदद गणेशजी कर रहे हैं'
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा 'हमारी मदद ज्ञानेश जी नहीं, बल्कि गणेश जी कर रहे हैं. गणेश जी ज्ञान और समझ के देवता है, इसलिए बीजेपी की मदद बुद्धि से हो रही है, न कि ज्ञानेश जी कर रहे हैं. मैं कहना चाहता हूं कि भारत के लोगों में बुद्धि, ज्ञान और समझ सब है. जनता ने ही परिवारवाद, भ्रष्टाचार और आतंकवादियों का साथ देने वालों को वोट नहीं दिया है. जो लोग कैप्टन स्मित के लिए एक ट्वीट तक नहीं कर पाते हैं. उनके लिए जनता जानती है और वह उन्हें वोट नहीं देना चाहती है. जनता उसे वोट देना चाहती है, जो कहता है 'मैं देश नहीं झुकने दूंगा'
राहुल गांधी लॉन्च नहीं हो पाए: संबित पात्रा
संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की तरफ से लगातार पिछले कुछ महीनों से संवैधानिक संस्थाओं पर निशाना साधा जा रहा है. यह कोई आज शुरू नहीं हुआ है, यह सालों से चल रहा है. शुरू से ही कांग्रेस राहुल गांधी को किसी तरह लॉन्च और री-लॉन्च करने की कोशिश कर रही है. लेकिन कई कोशिशों के बाद भी वह लॉन्च नहीं हो पाए है. ऐसे में कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगियों ने यह तय किया है कि भारत के लोकतंत्र पर ही हमला करना पड़ेगा. उन्होंने भारत में विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया है. पात्रा का आरोप है कि विपक्षी पार्टियां पूरी प्लानिंग के तहत यह सब कर रही हैं.
संबित पात्रा ने राहुल गांधी से पूछे 10 सवाल
- क्या मृतकों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए.
- क्या मृतकों का नाम सूची में रहने दिया जाना चाहिए.
- क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी वोट चोरी से सांसद बने हैं.
- क्या कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश की सरकार वोट चोरी से बनी है.
- अब तक 12 SIR हुए हैं, इसके बाद बनी कांग्रेस की सरकारें अवैध थी.
- 6.8 लाख विपक्षी बूथ के ये बीएलए ये शिकायत क्यों नहीं कर रहे थे.
- 1993 तक मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति केवल एक व्यक्ति (प्रधानमंत्री) करता था. इसका जवाब भी देना चाहिए.
- विपक्ष जीते तो निर्वाचन आयोग ठीक है, लेकिन हारने पर निर्वाचन आयोग हाय हाय ऐसा क्यों
- सही तरीके से राहुल गांधी आत्मा से जवाब दीजिए क्या आराजकता फैलाकर आपका रीलॉन्चिंग नहीं है क्या.
- राजीव गांधी EVM लेकर आए थे. क्या आज के इंडिया गठबंधन में राजीव गांधी के खिलाफ हाय हाय का नारा इंडिया गठबंधन लगाएगा.
ये भी पढ़ेंः 3 नहीं 403 पर नजर... यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी सपा! अखिलेश का इशारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं