विज्ञापन

राजा भैया से 'हजूर' कहकर मांगी इजाजत, बाबा बागेश्वर से प्रार्थना... कुंडा में रामकथा से पहले पत्नी भानवी कुमारी का पोस्ट

उत्तर प्रदेश के कुंडा में बाबा बागेश्वर की रामकथा का आयोजन, एक लाख लोगों के आने की उम्मीद है. राजा भैया ने इस रामकथा का आयोजन कराया, उनकी पत्नी भावनी कुमारी ने इसमें शामिल होने की इच्छा जताई.

राजा भैया से 'हजूर' कहकर मांगी इजाजत, बाबा बागेश्वर से प्रार्थना... कुंडा में रामकथा से पहले पत्नी भानवी कुमारी का पोस्ट
  • यूपी के कुंडा में बाबा बागेश्वर की रामकथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें एक लाख लोगों के आने की उम्मीद है
  • राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा का आयोजन कराया है और हजारों लोगों को उसमें आने का निमंत्रण दिया है
  • राजा भैया और उनकी पत्नी भावनी कुमारी के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा है, वे अलग-अलग जगह रह रहे हैं
नई दिल्‍ली:

उत्‍तर प्रदेश के कुंडा में होने जा रही बाबा बागेश्‍वर की रामकथा की काफी चर्चा है. रामकथा को सुनने के लिए एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्‍मीद है. रोजना एक लाख लोगों के भोजना की व्‍यवस्‍था की गई है. कुंडा से विधायक राजा भैया ने इस धीरेंद्र शास्‍त्री की राम कथा का आयोजन कराया है. उन्‍होंने हजारों लोगों को राम कथा में आने का न्‍योता भेजा है. इस बीच राजा भैया की पत्‍नी भावनी कुमारी ने भी बाबा बागेश्‍वर की रामकथा में आने की इच्‍छा जाहिर की है. हालांकि, बता दें कि राजा भैया और भानवी कुमारी के बीच अदालत में तलाक का मुकदमा चल रहा है. कई सालों से भानवी कुमार दिल्‍ली में अपनी बेटियों के साथ रहती हैं. उनके दोनों बेटे कुंडा में राजा भैया के साथ रहते हैं.

भानवी कुमारी ने एक्‍स हैंडल पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित मेरी ससुराल बेती राजभवन में पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से आयोजित होने जा रही भव्य श्रीराम कथा का समाचार पाकर मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से अभिभूत है. मेरी भी हार्दिक अभिलाषा है कि मुझे इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने, पूज्य बाबा बागेश्वर जी के दर्शन करने तथा प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त हो."

"आशा है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी..."

परिवार को फिर जोड़ने की इच्‍छा जाहिर करते हुए भानवी कुमारी ने कहा, "मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे, जिससे श्रीराम कथा के श्रवण और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ पूरे परिवार को मिल सके. प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में मेरी यही प्रार्थना है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो. जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने परिवार की सुख-शांति एवं पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में पुनः प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव एवं खुशहाली का वातावरण स्थापित हो."

ये भी पढ़ें:- धीरेंद्र शास्त्री की कुंडा में रामकथा, सपा ने कहा था घुसने नहीं देंगे तो क्या बवाल होगा?

 बाबा बागेश्वर सरकार से विनम्र प्रार्थना...

धीरेंद्र शास्‍त्री से प्रार्थना करते हुए भानवी कुमारी ने कहा, "मैं पूज्य बाबा बागेश्वर सरकार से भी विनम्र प्रार्थना करती हूं कि वे अपने आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में व्याप्त नकारात्मकता को दूर करने तथा सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव का संचार करने की कृपा करें. साथ ही, इस पावन कथा में सम्मिलित होने की मेरी अभिलाषा पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त करें . श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की राह दिखाने वाली दिव्य प्रेरणा है. प्रभु श्रीराम की मर्यादा और उनके आदर्श हम सभी को परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान तथा समरसता बनाए रखने की सीख देते हैं."

भानवी कुमारी ने कहा कि मेरी कामना है कि यह श्रीराम कथा केवल भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने, रिश्तों में विश्वास जगाने और समाज में सकारात्मकता का संदेश देने वाला पावन अवसर बने... प्रभु श्रीराम सबका कल्याण करें. जय श्रीराम!

ये भी पढ़ें:- यूजीसी लागू नहीं होगा, कह दिया तो कह दिया; खुलकर बोले राजा भैया, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर क्या कहा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raja Bhaiya, Bhanvi Kumari, Baba Bageshwar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com