दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर का पहला चरण वाराणसी तक बनाया जाएगा. दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन रूट में आगरा, लखनऊ, अयोध्या के साथ कानपुर भी बड़ा डेस्टिनेशन होगा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को एक कार्यक्रम में कहा कि बुलेट ट्रेन से दिल्ली से कानपुर की यात्रा महज 1 घंटा 45 मिनट में पूरा होगी. जबकि लखनऊ से कानपुर के बीच सिर्फ 27 मिनट में सफर कर पाएंगे. कानपुर से प्रयागराज का सफर 1 घंटे 15 मिनट में होगा. दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन रूट को आगे बिहार में पटना, बंगाल में सिलीगुड़ी से असम के गुवाहाटी तक कॉरिडोर जाएगा.
बुलेट ट्रेन का नॉर्थ कॉरिडोर
- दिल्ली से कानपुर: 1 घंटा 45 मिनट
- लखनऊ से कानपुर: सिर्फ 27 मिनट में
- कानपुर से प्रयागराज: 1 घंटा 15 मिनट
कानपुर-आनंद विहार टर्मिनल के बीच डेली एक्सप्रेस
अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कानपुर-आनंद विहार टर्मिनल के बीच डेली एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. कानपुर में अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर भी काम चल रहा है. साथ ही कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम भी चल रहा है. कानपुर रेलवे स्टेशन को 29 मार्च 1930 को शुरू हुआ था और ये 96 साल पुराना है. जबकि कानपुर में रेल सेवा 3 मार्च 1859 को शुरू हो गई थी, जब प्रयागराज से कानपुर के बीच पहली ट्रेन चली थी. साथ ही बुलेट ट्रेन रूट की जानकारी भी दी.

अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड कॉरिडोर
कानपुर में अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाया जा रहा है.लगभग 1115 करोड़ रुपये से देश के सबसे लंबे एलिवेटेड ट्रैक की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है.इस एलिवेटेड ट्रैक 18 से अधिक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों की आवाजाही से सड़क का ट्रैफिक नहीं रुकेगा. इससे कानपुर की करीब 50 लाख आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी.मंधना स्टेशन को आनंद विहार टर्मिनल स्टेशन के तौर पर अपग्रेड किया जा रहा है, जैसे दिल्ली के लिए आनंद विहार स्टेशन है, वैसे ही कानपुर सेंट्रल के लिए ये मंधना स्टेशन काम करेगा. इसमें 92% भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है.
कानपुर सेंट्रल स्टेशन का एयरपोर्ट जैसा लुक
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए लगभग 650 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. कानपुर स्टेशन को एयरपोर्ट लुक दिया जा रहा है. इसमें वेटिंग लाउंज, जल निकासी, एप्रोच रोड, स्वचालित सीढ़ी एस्केलेटर, लिफ्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं.मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के तौर पर कानपुर स्टेशन को मेट्रो कनेक्टिविटी भी मिल चुकी है.
नया अटल रेलवे स्टेशन बनेगा
नया अटल रेलवे स्टेशन बनेगा और वो पुराने रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशनों की जगह लेगा. छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के सामने भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान की जमीन पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रेलवे स्टेशन बन रहा है.
झांसी रेलखंड के गोविंदपुरी सेक्शन पर तीसरी लाइन
झांसी रेल रूट के गोविंदपुरी सेक्शन पर तीसरी लाइन रेलवे 950 करोड़ की लागत से बना रहा है. इससे कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी बढ़ेगी. गोविंदपुरी और कानपुर के बीच भारी रेल ट्रैफिक का दबाव घटेगा. इस तीसरी लाइन बनने से ट्रेनों की आउटर सिग्नल पर लेटलतीफी खत्म होगी.
भीमसेन-खैरार-झांसी-मानिकपुर डबल लाइन
भीमसेन-खैरार-झांसी-मानिकपुर रेल लाइन को बुंदेलखंड और कानपुर को जोड़ेगी. 431 किमी लंबे रेलमार्ग की डबल लाइन और विद्युतीकरण पर 4330 करोड़ खर्च हो रहे हैं. इस रेल प्रोजेक्ट से कानपुर-उरई-झांसी रेलखंड के समानांतर कॉरिडोर बनेगा. बुंदेलखंड से पत्थर-गिट्टी, दाल और कृषि उत्पादों की आवाजाही तेज होगी.
ये भी पढ़ें - दिल्ली-मुंबई से दिल्ली-गुवाहाटी तक 7 हाईस्पीड कॉरिडोर का ऐलान, कानपुर-लखनऊ-पटना समेत कई शहरों को मिलेगी तेज कनेक्टिविटी
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से कनेक्टिविटी
कानपुर के पास भीमसेन जंक्शन के करीब ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (EDFC) की कनेक्टिविटी होगी. यह कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए समर्पित होगा. इससे कोयला, कच्चा माल और अनाज कम समय में देश के बंदरगाहों तक पहुंचा सकेगा. कानपुर रूट की पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ेगी.
ये भी पढ़ें - दिल्ली-पटना बुलेट ट्रेन रूट: बिहार में कटिहार समेत 5 स्टेशन बनेंगे, मुंबई-अहमदाबाद के बाद शुरू होगा नॉर्थ हाईस्पीड कॉरिडोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं