- संसद भवन के मकर द्वार पर विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कई दिनों तक प्रदर्शन किया था
- विपक्ष ने प्रदर्शन के दौरान दान पात्र में दो लाख चौदह हजार रुपये से अधिक राशि इकट्ठा की थी
- समाजवादी पार्टी के सांसद गुरुवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में यह राशि जमा करने पहुंचे थे
संसद भवन के मकर द्वार पर विपक्ष ने कई दिनों तक राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर दान पात्र लेकर प्रदर्शन किया था. एक दिन तो सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए थे और इसको लेकर घिरे भी थे. इस बीच कई दिनों में विपक्ष ने 2 लाख 14 हजार रुपये का चंदा भी दान पात्र में हासिल कर लिया है. अब इस रकम को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद गुरुवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे. सपा सांसदों ने इस रकम को मंदिर में जमा कराया है. सपा सांसदों ने कहा कि हम हनुमान मंदिर में यह दान इसलिए जमा करा रहे हैं क्योंकि वह धर्म के रक्षक माने जाते हैं.
मॉनसून सत्र के आखिरी दिन जब समाजवादी पार्टी के सांसद रुचि वीरा और अक्षय यादव ने गिना तो पाया कि मकर द्वार के बाहर एक घंटे के लिए रखे जाने वाले दानपात्र में 2 लाख 15 हजार 3 सौ 90 रुपए से ज्यादा का चंदा इकट्ठा हुआ. इस दानपात्र में दान देने वालों में कांग्रेस के राहुल गांधी प्रियंका गांधी समेत अखिलेश यादव और RJD के सांसद मनोज झा तक शामिल रहे हैं. सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी ने राम मंदिर तक में चढ़ावा चोरी कर दी और संसद में चर्चा तक नहीं करा रहे हैं. इसी के चलते हमने दान पात्र रखकर विरोध किया है.
इस बीच गुरुवार को एक बार फिर से संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच खींचतान दिखी. विपक्षी सांसद चढ़ावा चोरी मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और नारेबाजी चल रही थी. इसी बीच सत्ता पक्ष के सांसद भी वहां विरोध प्रदर्शन करते हुए पहुंचे. ये लोग झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में धांधली समेत कई अन्य मुद्दे उठाते नजर आए. एनडीए के सांसदों ने कहा कि राहुल गांधी आखिर क्यों भाग रहे हैं. छात्रों के मुद्दे उठाने का दावा करने वाले राहुल गांधी आखिर झारखंड में बच्चों पर पुलिस के लाठीचार्ज पर क्यों नहीं बोल रहे.
सपा सांसद बोले- यह मसला यूपी चुनाव में भी उठाएंगे
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने NDTV से बात करते कहा कि चढ़ावा चोरी के मामले पर सदन में चर्चा कराने के लिए रोज हम लोग नोटिस दे रहे थे. लेकिन सरकारी भागती रही. अब हम इस मुद्दे को लेकर यूपी के चुनाव में जनता के बीच लेकर जाएंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा ने करोड़ों लोगों की आस्था से खिलवाड़ किया है. दरअसल मॉनसून सत्र पूरी तरह राम मंदिर चढ़ावा चोरी, NEET मामले पर जंतर मंतर में लाठी चार्ज के मुद्दे की भेंट चढ़ गया. हालांकि भाजपा का कहना था कि लाठी चार्ज के मुद्दे पर गृह मंत्री बयान देने को तैयार हैं लेकिन विपक्ष चर्चा से लगातार भाग रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं