कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने एक बार फिर 'ऑपरेशन सिंदूर' और पुलवामा हमले को लेकर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा है. उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी. मीर ने पूछा कि आखिर हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कदम उठाए गए और अब तक कितने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले में देश ने अपने 40 से अधिक जवानों को खो दिया, लेकिन इस मामले में हुई जांच और कार्रवाई को लेकर कई सवाल आज भी बने हुए हैं. मीर के मुताबिक, कुछ समय तक इस मुद्दे पर चर्चा हुई, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया.
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस नेता ने कहा कि लोगों को अब भी इस बात का इंतजार है कि हमलों से जुड़े तथ्यों और जांच की पूरी जानकारी सामने आए. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की प्राथमिकता राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
ऑपरेशन सिंदूर एक सैन्य अभियान था, जिसे जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया गया. इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर सटीक हमले किए थे. सरकार के अनुसार, अभियान का उद्देश्य भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल संगठनों के बुनियादी ढांचे को नष्ट करना और भविष्य में ऐसे हमलों को रोकना था.
ये भी पढे़ं : श्रीकृ्ष्ण जन्मभूमि पर जोर देगी भाजपा, कुल 5 मुद्दों पर बनेगी चुनावी रणनीति; मथुरा में क्या-क्या तय हुआ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं