विज्ञापन

'एक परिवार, एक टिकट' पर पंजाब कांग्रेस में नई बहस, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह बोले- जीतने वाले की काबिलियत देखो

Punjab Election 2027: चंडीगढ़ में परगट सिंह ने कहा कि कई बार ऐसी स्थिति हो सकती है जब एक ही परिवार का एक सदस्य सांसद हो और दूसरा विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हो. ऐसे मामलों में सिर्फ इस वजह से टिकट से इनकार करना सही नहीं होगा कि वह राजनीतिक परिवार से आता है.

'एक परिवार, एक टिकट' पर पंजाब कांग्रेस में नई बहस, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह बोले- जीतने वाले की काबिलियत देखो
फाइल फोटो
NDTV

पंजाब कांग्रेस में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले टिकट बंटवारे को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है. पार्टी के भीतर लंबे समय से चर्चा में रहे 'एक परिवार, एक टिकट' फॉर्मूले पर अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने सवाल खड़े कर दिए हैं. उनका साफ कहना है कि टिकट देने का सबसे बड़ा पैमाना उम्मीदवार की जीतने की क्षमता होनी चाहिए, न कि उसका पारिवारिक संबंध.

चंडीगढ़ में परगट सिंह ने कहा कि कई बार ऐसी स्थिति हो सकती है जब एक ही परिवार का एक सदस्य सांसद हो और दूसरा विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता हो. ऐसे मामलों में सिर्फ इस वजह से टिकट से इनकार करना सही नहीं होगा कि वह राजनीतिक परिवार से आता है. उनके मुताबिक हर मामले का अलग-अलग आकलन होना चाहिए और यह देखा जाना चाहिए कि उम्मीदवार क्षेत्र में कितना मजबूत है और जनता के बीच उसकी कितनी स्वीकार्यता है.

2027 विधानसभा चुनाव से पहले परगट सिंह का बयान

परगट सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब पंजाब कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सभी 117 सीटों पर रणनीति तैयार कर रही है. पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अपने परिवार के सदस्यों को भी चुनावी मैदान में उतारना चाहते हैं, जिससे टिकट वितरण को लेकर अंदरूनी खींचतान भी बढ़ती दिख रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

मई 2022 में राजस्थान के उदयपुर में आयोजित 'नव संकल्प चिंतन शिविर' में कांग्रेस ने एक परिवार एक टिकट का सिद्धांत रखा था. 

दरअसल, 'एक परिवार, एक टिकट' का सिद्धांत कांग्रेस में नया नहीं है. मई 2022 में राजस्थान के उदयपुर में आयोजित 'नव संकल्प चिंतन शिविर' के दौरान कांग्रेस ने संगठनात्मक सुधारों के तहत इस फॉर्मूले को अपनाया था. तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में तैयार उदयपुर घोषणा पत्र में कहा गया था कि सामान्य तौर पर एक परिवार से केवल एक व्यक्ति को चुनावी टिकट दिया जाएगा. हालांकि इसमें यह छूट भी रखी गई थी कि यदि परिवार का कोई अन्य सदस्य कम से कम पांच साल तक संगठन में सक्रिय रूप से काम कर चुका हो तो उसके नाम पर भी विचार किया जा सकता है.

इस नियम को लागू करने का मकसद जमीनी कार्यकर्ताओं को मौका देना, संगठन में नई ऊर्जा लाना और वंशवाद की आलोचनाओं का जवाब देना था. पंजाब में भी इस तरह की कोशिश पहले हो चुकी है. 2016 में तत्कालीन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया था कि 2017 विधानसभा चुनाव में एक ही परिवार के दो लोगों को टिकट नहीं दिया जाएगा.

हालांकि हकीकत में इस फॉर्मूले को लागू करना हमेशा आसान नहीं रहा. जब-जब बड़े नेताओं ने अपने रिश्तेदारों के लिए टिकट की पैरवी की, पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए.

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के बयान पर भी छिड़ी थी बहस

हालिया विवाद तब और तेज हो गया जब पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने 'एक परिवार, एक टिकट' का समर्थन करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं को अपने साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों के लिए टिकट नहीं मांगना चाहिए. उनका तर्क था कि पार्टी के आम कार्यकर्ताओं को भी आगे आने का मौका मिलना चाहिए.

वहीं, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इससे अलग राय रखते हुए कहा कि यदि एक ही परिवार के चार सदस्य भी अपने-अपने क्षेत्र में जीतने की क्षमता रखते हैं तो उन्हें टिकट देने पर विचार किया जा सकता है. उनके इस बयान ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

परगट सिंह का ये बयान भी इसी बहस को नई दिशा देता दिखाई दे रहा है. उनके संकेत साफ हैं कि पार्टी शायद किसी तय संख्या या सख्त नियम की बजाय लचीला रवैया अपनाना चाहती है. यानी अंतिम फैसला उम्मीदवार की 'विनेबिलिटी' यानी जीतने की संभावना के आधार पर हो सकता है.

किन नेताओं के परिवार पर हो रही चर्चा

फिलहाल जिन नेताओं के परिवार चुनावी चर्चा में हैं, उनमें विधायक राणा गुरजीत सिंह और उनके बेटे राणा इंदर प्रताप सिंह का नाम प्रमुख है. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी अपने बड़े बेटे नवजीत सिंह के लिए टिकट चाहते हैं. त्रिपत राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा और मदन लाल जलालपुर जैसे कई वरिष्ठ नेताओं के परिवारों के नाम भी टिकट की चर्चाओं में शामिल हैं.

कांग्रेस ने इस बीच विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे शुरू कर दिए हैं. इन सर्वेक्षणों के जरिए संभावित उम्मीदवारों की ताकत, जनता के बीच उनकी पकड़ और विपक्ष के मुकाबले उनकी स्थिति का आकलन किया जा रहा है. पार्टी उन सीटों पर भी मजबूत विकल्प तलाश रही है जहां एक से ज्यादा नेता टिकट के दावेदार हैं.

पंजाब चुनाव की तैयारियों को लेकर यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहा है. 1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई बैठक में भी पंजाब की रणनीति पर चर्चा की गई थी. माना जा रहा है कि उम्मीदवारों की पहली सूची करीब 50 सीटों के लिए जारी की जा सकती है, हालांकि इसके समय को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

यह भी पढ़ें: 'छठ पूजा करो, लेकिन गंध न फैलाओ', जालंधर में पंजाबियों का विरोध प्रदर्शन, उठाए गंभीर सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab, Congress, Pargat Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com