फिलीपींस की राजधानी मनीला में चल रहे आसियान-भारत सम्मेलन में मंगलवार को हिस्सा लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि भारत और आसियान देशों की दोस्ती अब एक नए लेवल पर पहुंच गई है. हमारी साझेदारी अब सिर्फ पुरानी संस्कृति तक सीमित नहीं है. बदलते वक्त के साथ हम डिजिटल, डिफेंस और स्पेस सेक्टर में भी नया इतिहास रच रहे हैं. पीएम ने कहा कि हमारी एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने इस रिश्ते को नई गहराई दी है और आसियान देशों की एकजुटता के साथ भारत हमेशा मजबूती से खड़ा रहेगा.
'कंपटीशन नहीं, कोऑपरेशन से तय हो भविष्य'
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, मंगलवार को पीएम मोदी ने दुनिया के मौजूदा हालात पर भी खुलकर बात रखी. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस वक्त एक के बाद एक कई संकटों से जूझ रही है. ऐसे में आज सबसे ज्यादा जरूरत शांति और स्थिरता की है. चूंकि भारत और आसियान देश मिलकर दुनिया की 25 प्रतिशत आबादी का हिस्सा हैं, इसीलिए यह जरूरी है कि हमारा भविष्य किसी कंपटीशन से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सहयोग से तय हो.
Sharing my remarks at the 23rd ASEAN-India Summit in Manila. https://t.co/XDyIFZ56N1
— Narendra Modi (@narendramodi) November 17, 2026
'आसियान लीडर्स के साथ ये मेरा 13वां संवाद है'
इस दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस को सफल आयोजन की बधाई देते हुए पीएम ने बताया कि आसियान नेताओं के साथ इस तरह की यह उनकी 13वीं मुलाकात है. पिछले 12 सालों में भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने इन देशों के साथ हमारे रिश्तों को नई रफ्तार दी है. इस साल पीएम मोदी की आसियान देशों की यह तीसरे यात्रा है, जो खुद बताता है कि भारत के लिए यह पूरा इलाका कितना मायने रखता है.
'2014 से अब तक 100 से ज्यादा कदम उठाए'
जमीनी हकीकत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से अब तक लोगों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने के लिए 100 से ज्यादा कदम उठाए गए हैं. इसके अलावा 250 से ज्यादा क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स शुरू हुए हैं और 10 हजार युवाओं को स्कॉलरशिप दी गई है. आज भारत और 9 आसियान देशों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स चल रही हैं, जो इस बात का पक्का सबूत है कि दोनों क्षेत्रों के बीच टूरिज्म और व्यापार तेजी से बढ़ रहा है.
शाम को क्वाड की अहम बैठक, ट्रंप से होगी मुलाकात
आसियान सम्मेलन के बाद मंगलवार शाम को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्वाड देशों की एक बेहद अहम बैठक में भी शामिल होंगे. इस बड़ी मीटिंग में उनके साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की पीएम सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहेंगे.
यह भी पढ़ें | मुंबई की सड़कों पर ई-रिक्शा चलाते दिखे ब्रिटेन के प्रिंस विलियम, पीछे सवारी बनकर बैठीं पत्नी केट मिडलटन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं