- कांग्रेस और सपा के बीच यूपी चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है
- राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा हुई है लेकिन इसका कोई ड्राफ्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुआ
- अब 23 से 25 नवंबर के बीच प्रस्तावित है जिसमें दोनों दलों के नेता सीट बंटवारे के फार्मूले पर बातचीत करेंगे
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सीट शेयरिंग पर अभी तक फैसला नहीं हो पाया है. दोनों पार्टियों के बीच आज सीट शेयरिंग को लेकर बैठक होनी थी. लेकिन दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत के बाद टल गई है. अब अगले हफ्ते यह बैठक हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक 23, 24 और 25 नवंबर को सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को को लेकर बैठक हो सकती है.
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की बातचीत के दौरान सीट बंटवारे को लेकर एक ड्राफ्ट पर चर्चा हुईं, हालांकि इसकी डिटेल्स अभी सामने नहीं आई है. सूत्रों ने बताया कि अब दोनों दलों के नेता इस ड्राफ्ट और अपनी ओर से निर्धारित फार्मूले के आधार पर आगे की बातचीत करेंगे.
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है.
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम से इतर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच बातचीत हुई. इस दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई. इसके बाद दोनों दलों के बीच प्रस्तावित बैठक टालने का फैसला किया गया. अब नए ड्राफ्ट पर विचार-विमर्श के बाद दो-तीन दिन में दोनों पक्षों के नेताओं की बैठक हो सकती है.
सूत्रों ने बताया कि दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के बीच सीटों की संख्या को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी है, हालांकि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि सीटों का बंटवारा जीत की संभावन को ध्यान में रखकर किया जाएगा. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बातचीत केवल सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी देखा जा रहा है कि किन सीटों पर किस दल की जीत की संभावना ज्यादा है, ताकि दोनों दल मिलकर बेहतर चुनावी नतीजे हासिल कर सकें.
इस पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बातचीत टली नहीं है, बल्कि शुरू हुई है और यह राहुल गांधी और अखिलेश यादव के स्तर पर शुरू हुई है. उनका कहना था कि दोनों नेताओं ने अपने दलों के लोगों को कुछ निर्देश दिए हैं और उन पर ‘होमवर्क' चल रहा है तथा जल्द बातचीत होगी और एक-एक सीट को फाइनल कर दिया जाएगा.
अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा था कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू नहीं हुई है, लेकिन यह तय है कि ‘इंडिया' गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा.
इस बीच, कांग्रेस ने दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने का फैसला किया है. इसके तहत रैलियां और यात्राएं आयोजित की जाएंगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और सपा के साथ गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा की गई. पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने वरिष्ठ नेता अजय माकन की अगुवाई में स्क्रीनिंग कमेटी भी गठित कर दी है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं