- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बांग्लादेश के PM तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया
- बिरला ने रहमान को भारत की जनता और संसद की ओर से बधाई दी और प्रधानमंत्री मोदी का पत्र सौंपा
- प्रधानमंत्री मोदी ने रहमान को भारत आने का निमंत्रण देते हुए दोनों देशों के संबंध मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को ढाका में बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया. लोकसभा स्पीकर बिरला ने इस अवसर पर रहमान को भारत की जनता तथा संसद की ओर से बधाई दी और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं.

लोकसभा स्पीकर और बांग्ला पीएम की मुलाकात
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ओम बिरला ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री रहमान से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तिगत पत्र सौंपा, जिसमें रहमान को अवसरानुसार भारत आने का निमंत्रण दिया गया है. पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने रहमान की जीत को बांग्लादेश की जनता के विश्वास का प्रमाण बताया और दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की.
ये भी पढ़ें : बांग्लादेश-भारत संबंध: तारिक रहमान को लेटर भेजकर पीएम मोदी ने क्या संकेत दिया

ये भी पढ़ें : बांग्लादेश-भारत संबंध: तारिक रहमान को लेटर भेजकर पीएम मोदी ने क्या संकेत दिया
दोनों देशों के मजबूत संबंधों पर जोर
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में निरंतर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच स्थायी, सुदृढ़ और जन-केंद्रित साझेदारी को और गहरा करना भारत की प्राथमिकता है.

लगभग 20 मिनट तक वार्ता हुई
बिरला विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ ‘जातीय संसद' के दक्षिण प्लाजा में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए, जहां बांग्लादेश के शीर्ष नेताओं और सैन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही. बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच लगभग 20 मिनट तक वार्ता हुई, जिसमें भारत-बांग्लादेश संबंधों को और मजबूती देने पर चर्चा हुई.
ये भी पढ़ें : बांग्लादेश में तारिक रहमान के सांसदों ने ड्यूटी फ्री कार और सरकारी प्लॉट्स लेने से किया इनकार

बिरला ने पीएम मोदी का पत्र सौंपा
ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने प्रधानमंत्री मोदी का पत्र भी सार्वजनिक किया, जिसमें कनेक्टिविटी, व्यापार, तकनीक, शिक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक आदान–प्रदान सहित अनेक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है. साथ ही रहमान, उनकी पत्नी जुबैदा रहमान और बेटी जैमा को भारत आने का आमंत्रण भी दिया गया है.
लोकसभा स्पीकर की किन-किन से मुलाकात
समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे सहित अन्य विदेशी नेताओं से भी मुलाकात की. बिरला की यह भागीदारी ऐसे समय में हुई है जब ढाका और नई दिल्ली मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान पैदा हुए तनाव को कम करने और रिश्तों को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं